बिहार विधान परिषद की दो सीटों पर उपचुनाव के लिए अधिसूचना जारी, मतदान 28 जनवरी को

0

पहले दिन किसी भी दल के प्रत्याशी ने दाखिल नहीं किया नामांकन  सुशील मोदी के राज्यसभा और विनोद नारायण झा के विधानसभा सदस्य बनने के बाद रिक्त हुई हैं सीटें



पटना, 11 जनवरी (हि.स.)। बिहार विधान परिषद की दो सीटों के लिए सोमवार से अधिसूचना जारी कर दी गई और इसके साथ ही नामांकन शरू हो गया। हालांकि, पहले दिन किसी भी दल के प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। परिषद की इन दोनों सीटों पर विधानसभा कोटे के से चुनाव होना है। विधायक इसके मतदाता हैं।
जारी अधिसूचना के अनुसार, 11 से 18 जनवरी तक प्रमंडलीय आयुक्त के कार्यालय में नामांकन होगा। 19 जनवरी को नामांकन पत्रों की छंटनी होगी। 21 जनवरी तक नाम वापस लिया जा सकता है। 28 जनवरी की सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। उसी दिन मतगणना होगी। बिहार विधान परिषद की दोनों सीटों पर उपचुनाव के लिए पटना के प्रमंडलीय संजय कुमार अग्रवाल  को निर्वाची पदाधिकारी अधिसूचित किया गया है। सहायक निर्वाची पदाधिकारी के रूप में उपनिदेशक खाद्य पटना प्रमंडल धीरेंद्र झा, अपर समाहर्ता राजस्व पटना राजीव श्रीवास्तव , निदेशक बिहार विधान सभा भूदेव राय कार्य करेंगे।
नामांकन को लेकर प्रमंडलीय कार्यालय में तैयारी पूरी कर ली गई है। प्रमंडल कार्यालय में मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। साथ ही सीसीटीवी कैमरे औरप वीडियोग्राफी की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया  गया है। कोविड-19 के संक्रमण की स्थिति को देखते हुए सिविल सर्जन पटना को निर्वाची पदाधिकारी के कक्ष के बाहर  और अंदर प्रतिदिन सैनिटाइजेशन कराने के साथ ही कार्यालय कक्ष के लिए पर्याप्त संख्या में सैनिटाइजर की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही नामांकन दाखिल करने वाले अभ्यर्थी, उनके प्रस्तावक और समर्थकों की थर्मल  स्कैनिंग और सैनिटाइज करने के बाद ही मुख्य द्वार में प्रवेश करने की अनुमति देने का निर्देश दिया गया है। बिना मास्क का प्रवेश वर्जित रहेगा। बिहार विधान परिषद के दो रिक्त पदों के लिए होने वाले अलग-अलग उप निर्वाचन के लिए  आरओ सेल एवं कोषांगों का गठन किया गया है। कोषांग के कार्यों के सुचारु संपादन के लिए अधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
एक सीट का 27 जुलाई 2022 और दूसरी का 5 मई 2024 तक कार्यकाल
विधान परिषद की ये दोनों सीटें भाजपा नेता व बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के राज्यसभा का सदस्य हो जाने और भाजपा के विधान पार्षद विनोद नारायण झा के विधानसभा सदस्य बन जाने के बाद रिक्त हुई है। इसके बाद दोनों पर उप चुनाव कराया जा रहा है। विनोद नारायण झा से खाली हुई सीट का कार्यकाल 27 जुलाई 2022 और सुशील कुमार मोदी से खाली हुई सीट का कार्यकाल 6 मई 2024 तक है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *