सीआईएसएफ के 28वें महानिदेशक बने सुबोध कुमार जायसवाल

0

नई दिल्ली, 08 जनवरी (हि.स.)। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) मुख्यालय में शुक्रवार को सुबोध कुमार जायसवाल ने सीआईएसएफ के महानिदेशक का पदभार ग्रहण किया। वह 1985 बैच के महाराष्ट्र कैडर के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं। जायसवाल के सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित सीआईएसएफ मुख्यालय में आगमन पर विशेष महानिदेशक (बल मुख्यालय) सुधीर कुमार सक्सेना और अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया गया।
जायसवाल सीआईएसएफ के 28वें महानिदेशक हैं। वहीं सीआईएसएफ के महानिदेशक के रूप में अपनी नियुक्ति से पहले वह 28 फरवरी, 2019 से महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक के रूप में कार्यरत थे। सुबोध कुमार जायसवाल ने बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर डिग्री हासिल की है। वे 23 साल की उम्र में वर्ष 1985 में भारतीय पुलिस सेवा में नियुक्त हुए तथा उन्हें महाराष्ट्र कैडर आवंटित किया गया। उन्होंने 35 वर्षों के अपने प्रतिष्ठित सेवाकाल के दौरान केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति पर कई महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील पदों पर कार्य किया।
महाराष्ट्र में उन्होंने औरंगाबाद जिले में सहायक पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में तथा औरंगाबाद, उस्मानाबाद एवं अति संवेदनशील नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में भी कार्य किया। उन्होंने एसआईटी महाराष्ट्र और राज्य रिजर्व पुलिस बल में भी उप महानिरीक्षक के पद पर काम किया। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस आयुक्त/डीआईजी के रूप में मुंबई पुलिस के आतंकवाद निरोधी दस्ते का नेतृत्व किया। उन्होंने पुलिस महानिरीक्षक अमरावती रेंज और पुलिस आयुक्त, बृहन्मुंबई के रूप में भी कार्य किया। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर अपने कार्यकाल में सुबोध कुमार जायसवाल ने भारतीय पुलिस सेवा में स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) में सहायक महानिरीक्षक और उप महानिरीक्षक के रूप में भी कार्य किया। वह कैबिनेट सचिवालय में संयुक्त सचिव और अतिरिक्त सचिव के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। जायसवाल को वर्ष 2001 में सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक, 2009 में विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक, 2020 में असाधारण सुरक्षा सेवा प्रमाण पत्र (एएसएसपीपी), आंतरिक सुरक्षा पदक (भारत सरकार) और विशेष सेवा पदक (महाराष्ट्र सरकार) से अलंकृत किया गया।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *