​​सीएसडी कैंटीनों के लिए लॉन्च हुआ ऑनलाइन पोर्टल

0

अब सशस्त्र बलों के सेवारत, सेवानिवृत्त और सिविल डिफेंस कर्मचारी घर बैठे कर सकेंगे खरीदारी  



​नई दिल्ली, 08 जनवरी (हि.स.)। सशस्त्र बलों के सेवारत, सेवानिवृत्त और सिविल डिफेंस कर्मचारियों को अब सीएसडी कैंटीनों से खरीदारी करने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। इसके लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को सीएसडी कैंटीनों से खरीदारी के लिए ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च किया। अब कर्मचारी इस पोर्टल के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन कार, मोटर साइकिल, वाशिंग मशीन, टीवी, फ्रिज आदि खरीद सकेंगे।
इस पोर्टल का शुभारंभ करते हुए रक्षा मंत्री ने सभी जवानों और सशस्त्र बलों के अधिकारियों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने इस परियोजना के सफल समापन के लिए पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभियान ‘डिजिटल इंडिया’ के अनुरूप थी। उन्होंने कहा कि इस https://afd.csdindia.gov.in/ ऑनलाइन पोर्टल को लॉन्च करने का उद्देश्य लगभग 45 लाख सीएसडी लाभार्थियों को सक्षम करना है। अब सशस्त्र बलों के सेवारत, सेवानिवृत्त और सिविल डिफेंस के कर्मचारी घर बैठे ऑनलाइन कार, मोटर साइकिल, वाशिंग मशीन, टीवी, फ्रिज आदि खरीद सकेंगे।
यह समारोह नई दिल्ली में आयोजित किया गया था लेकिन कार, मोटर साइकिलों की डिलीवरी की लाइव स्ट्रीमिंग मुंबई, नई दिल्ली, अहमदाबाद और जयपुर से उन लोगों के लिए की गई, जिन्होंने पोर्टल afd.csdindia.gov.in के ट्रायल रन के दौरान उन्हें बुक किया था। इसी पोर्टल को अब औपचारिक रूप से लॉन्च किया गया है। इस समारोह में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत, चीफ ऑफ नेवल स्टाफ एडमिरल करमबीर सिंह, चीफ ऑफ द एयर स्टाफ एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया और डिफेंस सेक्रेटरी डॉ. अजय कुमार के साथ अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *