गांगुली ने जीवन के कठिन दौर में साथ देने के लिए अपने बचपन के दोस्त जॉयदीप का जताया आभार

0

कोलकाता, 07 जनवरी (हि.स.)। कोलकाता में वुडलैंड्स अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने गुरुवार को अपने बचपन के दोस्त जॉयदीप को जीवन के कठिन दौर में साथ देने के लिए धन्यवाद दिया।
गांगुली ने अपने दोस्त की एक तस्वीर को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर शेयर किया है और कहा है कि जो मेरे लिए आपने किया है, मैं जिंदगी भर नहीं भूलूंगा।
गांगुली ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “पिछले 5 दिनों में आपने मेरे लिए जो किया है, कुछ ऐसा है जिसे मैं जिंदगी भर याद रखूंगा। तुमको 40 साल से जानता हूं और यह परिवार से भी बढ़कर है।”
छुट्टी मिलने के बाद, पूर्व भारतीय कप्तान ने वुडलैंड्स अस्पताल की मेडिकल टीम को भी देखभाल करने और ज़रूरतमंद प्रक्रियाओं को करने के लिए धन्यवाद दिया।
गांगुली ने संवाददाताओं से कहा, “मैं इलाज के लिए अस्पताल में डॉक्टरों का शुक्रिया अदा करता हूं। मैं बिल्कुल ठीक हूं। उम्मीद है, मैं जल्द ही उड़ान भरने के लिए तैयार हो जाऊंगा।”
वुडलैंड्स अस्पताल की एमडी और सीईओ डॉ. रूपाली बसु ने कहा कि पूर्व कप्तान को छुट्टी दिए जाने के बाद घर पर दैनिक निगरानी की जाएगी। बता दें कि पूर्व भारतीय कप्तान को बुधवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने वाली थी, लेकिन उन्होंने अस्पताल में एक दिन और रहने का फैसला किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *