भारत का कोई भी बंगाल के लिये बाहरी नहीं : राज्यपाल

0

कोलकाता, 06 जनवरी (हि.स.)। एक बार फिर राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा प्रहार किया है। बुधवार को मेदिनीपुर दौरे पर पहुंचे राज्यपाल ने मीडिया से बात की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत अन्य नेताओं को मुख्यमंत्री बनर्जी और अन्य शीर्ष नेताओं द्वारा “बाहरी” करार दिए जाने को लेकर सवाल खड़ा किया। राज्यपाल ने कहा कि भारत का कोई भी बाहरी नहीं है।
इसके अलावा उन्होंने ममता बनर्जी पर संविधान के विपरीत काम करने का  आरोप लगाते हुए   कहा कि भारत में रहने वाला कोई भी शख्स किसी भी दूसरे राज्य में जाने पर बाहरी नहीं होता। इस तरह की भाषा संविधान की मूल भावना पर कुठाराघात है। संविधान के विपरीत कोई भी काम नहीं किया जाना चाहिए।
 एक बार फिर चक्रवात अम्फन के दौरान हुए भ्रष्टाचार का जिक्र करते हुए उन्होंने राज्य प्रशासन पर सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा कि चक्रवात के बाद राज्य की स्थिति दयनीय हो गयी है। चक्रवात के संबंध में पुर्वाभास था लेकिन फिर भी राज्य प्रशासन तैयार क्यों नहीं था?
उन्होंने कहा कि बंगाल में लगातार केवल भ्रष्टाचार ही हो रहा है। चक्रवात राहत सामग्री वितरण में भ्रष्टाचार, महामारी कोरोना से बचाव के लिए सामग्री खरीदने में भ्रष्टाचार। न्यायालय ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं। राज्यपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने संवैधानिक कर्तव्यों के निर्वहन में विफल रही हैं। उन्हें अपना फर्ज निभाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *