कोलकाता, 06 जनवरी (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष और टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली आज यानी बुधवार को अस्पताल से घर नहीं लौट रहे हैं। वे स्वेच्छा से एक और दिन अस्पताल में गुजारेंगे।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उन्हें बुधवार सुबह 11:30 बजे के करीब अस्पताल से छुट्टी मिल जानी थी। दादा को देखने के लिए बड़ी संख्या में समर्थक अस्पताल के बाहर एकत्रित हो गए थे। इसके अलावा बेहला स्थित सौरव के आवास के बाहर भी समर्थकों की भारी भीड़ जुटी थी। लेकिन बाद में पता चला कि वह आज घर नहीं लौटेंगे। इसका निर्णय उन्होंने खुद लिया है। गांगुली ने एक और दिन अस्पताल में रहने की इच्छा जताई है जिसके बाद निर्णय लिया गया है कि उन्हें गुरुवार को अस्पताल से छुट्टी दी जाएगी।
कोलकाता के वुडलैंड्स अस्पताल की सीनियर डॉक्टर व सीईओ रूपाली बसु ने कहा कि गांगुली ने अपनी इच्छा से ये फैसला किया है। उन्होंने कहा कि गांगुली एक दिन और अस्पताल में रहना चाहते हैं। उनकी सेहत की जानकारी देते हुए रूपाली ने कहा कि गांगुली पूरी तरह फिट और स्वस्थ हैं।
इससे पहले देश के मशहूर हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर देवी शेट्टी ने मंगलवार को गांगुली की सेहत का हाल भी जाना था। उन्होंने कहा था कि गांगुली अब ठीक हैं और घर जा सकते हैं। इसके बाद ही अस्पताल की ओर से बताया गया था कि पूर्व भारतीय कप्तान को बुधवार अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है। घर लौटने पर भी सौरव गांगुली वुडलैंड अस्पताल के डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे।