गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होगी उत्तराखंड की झांकी ‘केदारखण्ड’

0

देहरादून, 05 जनवरी (हि.स.)। इस वर्ष राजपथ नई दिल्ली में आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड-2021 के लिए उत्तराखण्ड राज्य की झांकी का अंतिम रूप से चयन कर लिया गया है। केंद्र सरकार द्वारा इसके लिए मंगलवार को आदेश जारी किए गए।
महानिदेशक सूचना, डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने बताया कि केंद्रीय रक्षा मंत्रालय में पांच बार की बैठक के पश्चात उत्तराखण्ड राज्य की झांकी को भी गणतंत्र दिवस परेड में स्थान मिला है। इस वर्ष राज्य की ओर से प्रदर्शित की जाने वाली झांकी का विषय ‘केदारखण्ड’ रखा गया है। झांकी के अग्र भाग में राज्य पशु ‘कस्तूरी मृग‘, राज्य पक्षी ‘मोनाल’ एवं राज्य पुष्प ‘ब्रह्मकमल’ तथा पार्श्व भाग में केदारनाथ मन्दिर परिसर एवं श्रद्धालुओं को दर्शाया गया है।
झांकी के चयन के लिए रक्षा मंत्रालय में आयोजित पांच स्तर की बैठकों में विभाग के उपनिदेशक केएस चौहान द्वारा झांकी के थीम, डिजाइन, मॉडल तथा संगीत आदि का सफल प्रस्तुतिकरण किया गया, जिसके फलस्वरूप राज्य की झांकी को गणतंत्र दिवस परेड-2021 में अन्तिम रूप से चयनित किया गया है। झांकी डिजाइन के चयन की एक जटिल प्रक्रिया होती है। इस वर्ष प्रारम्भ में 32 राज्य एवं केन्द्रशासित प्रदेशों ने प्रतिभाग किया था, जिसमें से अंतिम रूप से केवल 17 राज्यों का चयन किया गया है।
इससे पूर्व उत्तराखण्ड राज्य द्वारा वर्ष 2003 में ‘फुलदेई’, वर्ष 2005 में ‘नंदाराजजात’, वर्ष 2006 में ‘फूलों की घाटी’, वर्ष 2007 में ‘कार्बेट नेशनल पार्क’, वर्ष 2009 में ‘साहसिक पर्यटन’, वर्ष 2010 में ‘कुम्भ मेला हरिद्वार’, वर्ष 2014  में ‘जड़ी बूटी’, वर्ष 2015  में ‘केदारनाथ’, वर्ष 2016 में ‘रम्माण’, वर्ष 2018 में ‘ग्रामीण पर्यटन’ तथा वर्ष 2019 में ‘अनाशक्ति आश्रम (कौसानी प्रवास एवं अनाशक्ति)’ विषयों पर आधारित झांकियों का सफल प्रदर्शन राजपथ पर किया जा चुका है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *