आंध्र प्रदेश : रामतीर्थ मंदिर जाने पर अड़े भाजपा प्रदेश अध्यक्ष गिरफ्तार

0

कोदंडारामस्वामी मंदिर की प्रतिमा को तोड़े जाने के विरोध में भाजपा का प्रदर्शनजिले के कई अन्य नगरों में भी भाजपा ने किया प्रदर्शन, कई कार्यकर्ता हिरासत में



विजयनगरम, 05 जनवरी (हि.स.)। जिले के कोदंडारामस्वामी मंदिर की प्रतिमा को तोड़े जाने के विरोध में भाजपा और जनसेना के कार्यकर्ताओं ने आज  ‘चलो नेल्लीमारला’ का आह्वान कर रामतीर्थ धर्मयात्रा निकाली। लेकिन पुलिस ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित कार्यकर्ताओं को रोक लिया। पुलिस ने कानून के उल्लंघन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सोमू वीरराजूू सहित कई जिलों में अन्य नेताओं को भी गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा अन्य कई नेताओं को उनके घर में ही नजरबंद कर दिया।
कोदंडारामस्वामी मंदिर की प्रतिमा को तोड़े जाने के विरोध में भाजपा के आह्वान पर मंगलवार को हजारों भाजपा के कार्यकर्ता नेल्लीमारला जाने के लिए सड़क पर निकल पड़े। धर्मयात्रा के दौरान उस समय स्थित तनावपूर्ण हो गई जब रैली की अनुमति न होने पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सोमू वीरराजू को पुलिस ने स्थानीय रामतीर्थ चौराहे पर रामतीर्थ जाने से रोक दिया। जिला पुलिस प्रशासन का कहना है कि नगर में सीआरसीपी की धारा 30 लागू होने के चलते कोई भी रैली आयोजित नहीं की जा सकती है। रामतीर्थ जाने की जिद करने पर पुलिस ने वीरराजू सहित कई भाजपा नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। इस मौके पर पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई भी हुई। इससे पहले पुलिस ने कई स्थानीय नेताओं को उनके घर पर ही नजरबंद कर दिया। गिरफ्तार भाजपा नेताओं को नेल्लीमारला पुलिस थाने ले जाया गया है। इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष वीरराजू ने पत्रकारों काे बताया कि मंदिर जाने के लिए पहले अनुमति दी गई थी लेकिन बाद में उन्हें जाने से क्यों रोका जा रहा है।
रामतीर्थ में सोमू वीरराजू की गिरफ्तार की खबर मिलते ही राज्यभर में तनाव का माहौल बन गया है। प्रदेश भाजपा कार्यालय पर भी बड़ी संख्या में पुलिस को तैनात किया है। कोदंडारामस्वामी मंदिर की प्रतिमा को तोड़े जाने के विरोध में कई जिलों में रामतीर्थ धर्मयात्रा के नाम से प्रदर्शन किया गया। इस यात्रा को रोकने के लिए पुलिसया कार्रवाई के विरोध में भाजपा और जनसेना के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया।राज्यभर में कई नेताओं को गिरफ्तार किया गया है। अमरावती और विजयवाड़ा में भी कुछ मुख्य नेताओं को हिरासत में लेने की खबर है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *