जयपुर के नाहरगढ़ रेस्क्यू सेंटर में देश की सबसे बुजुर्ग शेरनी बेगम की मौत

0

जयपुर, 04 जनवरी (हि.स.)। देश की सबसे उम्रदराज शेरनी बेगम का जयपुर के नाहरगढ़ रेस्क्यू सेंटर में सोमवार दोपहर निधन हो गया। बेगम की उम्र करीब 30 साल बताई जा रही है। वर्ष 2005 में  बेगम को झारखंड के नटराज सर्कस से जयपुर लाया गया था। तब से बेगम सेंटर में ही रह रही थी। शेरनी की मौत प्राकृतिक बताई जा रही है। बेगम हाइब्रिड प्रजाति की शेरनी थी। शेरनी की मौत के बाद मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवा रेस्क्यू सेंटर में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पिछले कुछ दिनों से बेगम बीमार थी। वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. अरविंद माथुर के नेतृत्व में मेडिकल टीम शेरनी का इलाज कर रही थी। करीब एक साल पहले बेगम को लकवा हो गया था।  इलाज के बाद वह ठीक हो गई थी।,कुछ समय बाद शेरनी का स्वास्थ्य खराब हो गया। सोमवार दोपहर शेरनी ने अंतिम सांस ली। उम्र ज्यादा होने की वजह से उसके मुंह में दांत भी नहीं बचे थे। शेरनी बेगम का विशेष ख्याल रखा जा रहा था।
डीएफओ उपकार बौराणा ने बताया कि वर्ष 2005 में जब शेरनी बेगम को झारखंड से जयपुर लाया गया था, तब उसकी उम्र 15 वर्ष बताई गई थी। पिछले कुछ दिनों से शेरनी बेगम ने खाना-पीना भी छोड़ दिया था। सामान्यत: एशियाटिक शेरों की उम्र 18 से 20 वर्ष होती है। रेस्क्यू सेंटर में पशु चिकित्सकों के मेडिकल बोर्ड के पोस्टमार्टम करने के बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *