सौरव गांगुली बुधवार को अस्पताल से हो सकते हैं डिस्चार्ज : सीईओ

0

कोलकाता, 04 जनवरी (हि. स.)। भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष और टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली बुधवार को अस्पताल से डिस्चार्ज हो सकते हैं। वुडलैंड अस्पताल की सीईओ रूपाली बसु ने सोमवार को इसके संकेत दिए हैं। उन्होंने बताया है कि फिलहाल उनकी दो अन्य धमनियों की एंजियोप्लास्टी को टाल दिया गया है। वह 24 घंटे तक और डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे। अगर सब कुछ ठीक रहा तो बुधवार को उन्हें घर भेज दिया जाएगा। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।
 सौरव की स्थिति पर चर्चा करने के लिए सोमवार सुबह नौ सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने बैठक की। वीडियो कॉल में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर देवी सेठी और आरके पांडा थे। डॉ. सैमुअल मैथ्यू फोन पर चेन्नई से थे। बैठक में सौरव के परिवार के सदस्य भी मौजूद थे। इसमें सौरव की शारीरिक स्थिति के बारे में विस्तृत चर्चा हुई। रूपाली बसु ने बताया कि सौरव की अन्य दो धमनियों पर एंजियोप्लास्टी करने का निर्णय लिया गया था। लेकिन अभी ऐसा नहीं हो रहा है। सर्वसम्मति से एंजियोप्लास्टी प्रक्रिया को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। सौरव के स्वास्थ्य के आधार पर एंजियोप्लास्टी का समय तय किया जाएगा।
सौरव के निजी चिकित्सक सप्तर्षि बसु ने कहा कि वह पूरी तरह से स्वस्थ हैं। एंजियोप्लास्टी कुछ दिनों के लिए स्थगित की जा रही है। वह जल्द ही घर लौट रहे हैं। वुडलैंड अस्पताल के डॉक्टर हर दिन उनके घर जाएंगे। वहां पर उन्हें निगरानी में रखा जाएगा। कुछ दवाएं चल रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *