भाजपा में शामिल हुए शुभेंदु के भाई सौमेंदु, 14 पार्षदों ने भी थामा भाजपा का दामन

0

कोलकाता, 01 जनवरी (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की राजनीति  में  बड़ा जनाधार रखने वाले अधिकारी परिवार का एक और सदस्य ममता बनर्जी का साथ छोड़कर आज भाजपा में शामिल हो गया है। हाल ही में तृणमूल छोड़कर भाजपा की सदस्यता लेने वाले राज्य के कद्दावर नेता और पूर्व परिवहन मंत्री शुभेंदु अधिकारी के भाई और कांथी नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन सोमेंदु ने शुक्रवार को पूर्व मेदिनीपुर के कांथी में भाजपा के “योगदान मेला” कार्यक्रम में भाजपा का दामन थाम लिया। सोमेंदु ने अपने भाई शुभेंदु अधिकारी के हाथ से ही भाजपा का झंडा थामा। उनके साथ कांथी नगरपालिका के 14 पार्षदों ने भी भाजपा में शामिल होने की घोषणा की।

दरअसल, इस नगरपालिका पर पिछले 50 वर्ष से अधिकारी परिवार का ही कब्जा रहा है। कोरोना संकट के समय नगरपालिका बोर्ड की मियाद खत्म हो गई थी, जिसके बाद राज्य सरकार ने नगरपालिका के चेयरमैन सौमेंदु अधिकारी को ही प्रशासक के तौर पर नियुक्त कर दिया था। लेकिन गत 19 दिसम्बर को जब शुभेंदु अधिकारी के भाजपा की सदस्यता लेने के बाद परिवार के सभी सदस्यों को तृणमूल कांग्रेस संदेह की निगाह से देख रही थी। गत मंगलवार को ही शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम के निर्देश पर सोमेंदु को बिना कारण बताये कांथी नगरपालिका के प्रशासक पद से हटा दिया था।
 पिता शिशिर अधिकारी ने भी दी है ममता को चेतावनी
सोमेंदु के हटाने से अधिकारी परिवार की नाराजगी और अधिक बढ़ गई थी। शुभेंदु अधिकारी के एक और भाई तथा तृणमूल सांसद दिव्येंदु अधिकारी ने इस बारे में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस फैसले  का कारण पूछा था लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके अलावा शुभेंदु अधिकारी के पिता और सांसद शिशिर अधिकारी ने भी ममता बनर्जी पर सवाल खड़ा किया और चेतावनी दी है कि उन्हें इसका परिणाम भुगतना होगा।
14 पार्षदों ने भी थामा भाजपा का दामन
सोमेन्दु के  साथ तृणमूल के 14 पूर्व पार्षदों के शामिल हो जाने के बाद इस नगर पालिका में वैसे तो बोर्ड नहीं है लेकिन 21 सदस्यों वाली प्रशासक मंडली में केवल छह तृणमूल सदस्य रह गए हैं। इसलिए माना जा रहा है कि नगरपालिका में भी जल्द ही प्रशासक मंडली को भंग करना पड़ सकता है। वैसे भी सौमेंदु को पद से हटाए जाने के बाद हाईकोर्ट में इसके खिलाफ याचिका लगाई गई है, जिस पर चार जनवरी को सुनवाई होगी। इसी पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
अधिकारी परिवार के बिना ममता की दाल नहीं गलेगी : शुभेन्दु
भाई को भाजपा में शामिल कराने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पूर्व मेदनीपुर में तृणमूल कांग्रेस को वोट करने वाला एक भी व्यक्ति नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि तृणमूल को मतदान केन्द्र  तक जाने के लिए एक भी आदमी नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि आज तक ममता बनर्जी क्षेत्र में पहले नंबर पर आती रही थीं क्योंकि अधिकारी परिवारों उनके साथ था लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अब वह दूसरे नंबर पर रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *