प. बंगाल: बोलपुर में ममता ने किया रोड शो, भाजपा को बताया बाहरी पार्टी

0

बीरभूम, 29 दिसम्बर (हि.स.)। जिले के बोलपुर में मंगलवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी पदयात्रा की। यहीं पर 20 दिसम्बर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रोड शो किया था। अमित शाह के रोड शो के मुकाबले आज ममता के रोड शो में भी कमोबेश भीड़ नजर आयी।
मुख्यमंत्री  ममता बनर्जी ने आज बोलपुर लॉज से जांबनी तक चार किलोमीटर की पदयात्रा की। उनके साथ स्थानीय सांसद सताब्दी रॉय और अन्य नेता मौजूद थे। रोड शो के समापन के बाद मुख्यमंत्री ने एक जनसभा को भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा बाहरी लोगों की पार्टी है। वे लोग गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के बारे में कुछ नहीं जानते। टैगोर द्वारा स्थापित प्रतिष्ठित संस्थान विश्वभारती में नफरत की राजनीति का आरोप लगाते हुए ममता ने कहा कि यहां गंदी राजनीति लाई जा रही है। विश्वभारती में जिस तरह की राजनीति हो रही है वह बंगाल को कलंकित करने की कोशिश है जिसे स्वीकार नहीं किया जाएगा।
भाजपा के सोनार बांग्ला बनाने के आह्वान पर तंज कसते हुए ममता ने कहा कि नए सिरे से सोनार बांग्ला का सपना देखने का कोई औचित्य नहीं बनता। गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर और बंगाल के अन्य विभूतियों ने यह सपना देखा था। इसके जरिए वह (भाजपा) आपको बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं। ममता ने कहा कि किसी ना किसी बहाने से गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर और अमर्त्य सेन जैसे नोबेल विजेताओं को कलंकित करने की कोशिश हो रही है। शांति निकेतन को अपमानित किया जा रहा है। नफरत की राजनीति हो रही है।
केंद्रीय गृहमंत्री के आदिवासी परिवार के घर खाना खाने पर उन्होंने कटाक्ष किया। ममता ने कहा कि जो लोग हर सप्ताह फाइव स्टार होटल से खाना मंगा कर खाते हैं वे आदिवासी के घर खाना खाने का नाटक कर रहे हैं। यह आदिवासियों का अपमान है। इसका अधिकार नहीं है। ममता ने दावा किया कि बंगाल में भाजपा के कार्यकर्ता नहीं हैं बल्कि एजेंसी से लोग झंडा ढोने के लिए लाए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *