क्विक लोन ऑफर करने वाले डिजिटल प्लेटफार्म्स और मोबाइल ऐप से रहें सावधान : आरबीआई

0

नई दिल्ली, 23 दिसंबर (हि.स)। भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) ने चेतावनी दी है कि लोन देने वाले अनधिकृत डिजिटल प्लेटफार्मों और मोबाइल ऐप से ग्राहक सावधान रहें। इसमें व्यक्तिगत और छोटे बिजनेस वालों को खास तौर से सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है।

केंद्रीय बैंक ने आगाह किया कि इस तरह के प्लेटफॉर्म क्विक और हैसल फ्री लोन देने का वादा तो करते हैं, लेकिन साथ ही कई छिपे हुए चार्ज वसूलने के साथ ही ब्याज भी ज्यादा लेते हैं। यही नहीं रिकवरी के लिए इनका तरीका भी गलत होता है और एग्रीमेंट का दुरुपयोग कर ये लोग ग्राहकों के मोबाइल डाटा भी पूरी तरह से एक्सेस कर लेते हैं। रिजर्व बैंक ने आगे कहा कि इन प्लेटफार्मों के वादों के झांसे में न आएं। बिना वेरीफाई किए किसी भी कंपनी या फर्म से लोन के लिए आवेदन न करें। ऑन लाइन या मोबाइल ऐप पर आँखें बंद करके भरोसा न करें।

रिजर्व बैंक ने कहा कि ग्राहक सिर्फ एनबीएफसी या कंपनियों से लोन लेने के लिए संपर्क करें, जो रिजर्व बैंक के पास रजिस्टर्ड हैं या फिर किसी रेगुलेटर के दायरे में आती हैं। यह ऑन लाइन प्लेटफॉर्म या ऐप किसी रेगुलेटर के दायरे में नहीं होते हैं। इसलिए इन पर कार्रवाई भी नहीं हो पाती है।

पारदर्शिता को निश्चित बनाने के लिए ग्राहकों को केवाईसी का डॉक्यूमेंट बिना पहचान वाले लोगों, कंपनियों या फिर ऐप को कभी भी नहीं देना चाहिए। ऐसे मामलों में संबंधित एजेंसियों को जानकारी देनी चाहिए। इस तरफ के फ्रॉड के शिकार लोग https://sachet.rbi.org.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *