कोहली का न होना निश्चित रूप से भारत के लिए बड़ा नुकसान : स्मिथ

0

एडिलेड, 22 दिसम्बर (हि.स.)। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान व दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने कहा है कि चार मैचों की टेस्ट श्रृंखला के बाकी बचे तीन मैचों में विराट कोहली के न खेलने से भारतीय क्रिकेट टीम को बड़ा नुकसान होगा।
कोहली को अपने पहले बच्चे के जन्म के कारण स्वदेश लौटना है और भारतीय टीम उनके बगैर ही टेस्ट श्रृंखला के बाकी तीन मैच खेलेगी। एडीलेड में पहले टेस्ट में आठ विकेट की हार के बाद भारतीय टीम श्रृंखला में 1-0 से पीछे चल रही है।
स्मिथ ने मीडिया से कहा, ” कोहली का न होना निश्चित रूप से भारत के लिए बड़ा नुकसान है। हमें देखना होगा कि कोहली एडिलेड में खेले गए पहले टेस्ट की पहली पारी में किस तरह खेले। यह गेंदबाजी की अनुकूल पिच पर अच्छे गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ स्तरीय प्रदर्शन था।”
उन्होंने हालांकि कहा कि कोहली के फैसले का सम्मान करना चाहिए। स्मिथ ने कहा, “मैं अब भी यह कहा रहा हूं और पहले भी कह चुका हूं कि यह कदम उठाना और अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए स्वदेश लौटना, इसके लिए उनकी तारीफ करनी चाहिए।”
उन्होंने कहा, “मुझे यकीन है कि उन पर यहां रुकने के लिए काफी दबाव रहा होगा। मैंने पहले टेस्ट के बाद उन्हें बधाई दी और कहा कि आपकी यात्रा सुखद रहे। उम्मीद करता हूं कि बच्चे के साथ सब कुछ सही रहेगा। अपनी पत्नी को मेरी ओर से शुभकामनाएं दीजिए।”

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *