गैर भाजपाई दलों के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ेगी प्रसपा : शिवपाल

0

मेरठ, 21 दिसम्बर (हि.स.)। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि उनकी पार्टी गैर भाजपाई दलों के साथ गठबंधन करके विधानसभा चुनाव लड़ेगी। भाजपा पूंजीपतियों की पार्टी है और उसने किसानों व देश की जनता को बर्बाद कर दिया है। जानी थाना क्षेत्र के सिवाल गांव में सोमवार को ‘किसान नौजवान महारैली’ में पहुंचे प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल यादव ने कृषि कानून को लेकर भाजपा को आड़े हाथ लिया।
 उन्होंने भाजपा को पूंजीपतियों की पार्टी बताते हुए भाजपा पर किसानों और देश की जनता को बर्बाद करने का आरोप लगाया। शिवपाल यादव ने यूपी में अपनी पार्टी का पहला प्रत्याशी भी घोषित किया। उन्होंने अमित जानी को सिवालखास से चुनाव लड़ाए जाने का ऐलान किया।
  बताते चलें 23 दिसंबर को होने वाली चौधरी चरण सिंह की जयंती के मौके पर प्रसपा ने सिवाल के सिवाल हाई स्कूल में सोमवार को ‘किसान नौजवान महारैली’ का आयोजन किया था। इस दौरान पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल यादव, पूर्व मंत्री जगबीर गुर्जर और अमित जानी ने मंच से भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
 शिवपाल यादव ने आरोप लगाया कि नोटबंदी करके जहां भाजपा ने आम जनता को कंगाल करके उद्योगपतियों और पूंजीपतियों को मालामाल कर दिया। जीएसटी लगाकर व्यापारियों को बर्बादी की कगार पर पहुंचा दिया। इसके बाद अब कृषि कानून लागू करके भाजपा किसानों को बर्बाद करने का काम कर रही है।
 शिवपाल यादव ने सबसे पहले एमएसपी घोषित किए जाने और इससे कम पर किसानों की फसल खरीदने वालों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जाने की मांग उठाई। शिवपाल ने अमित जानी को सिवाल विधानसभा सीट से पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया।
बाद में प्रेसवार्ता में प्रसपा के अध्यक्ष ने चुनाव में सपा से गठबंधन की बात पर गोलमोल जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी एलाइंस में विश्वास करती है। लेकिन, इसके लिए सिर्फ समान विचारधारा वाले दलों को ही वरीयता दी जाएगी। यूपी के छोटे-छोटे सेक्युलर दलों के साथ मिलकर उनकी पार्टी चुनाव लड़ेगी और भाजपा को हटाने का काम करेगी।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *