तृणमूल में शामिल हुई भाजपा सांसद सौमित्र की पत्नी सुजाता खान

0

कोलकाता, 21 दिसम्बर (हि.स.)।  पश्चिम बंगाल भारतीय जनता  युवा मोर्चा  अध्यक्ष व सांसद  सौमित्र खान की पत्नी सुजाता मंडल खान ने भाजपा छोड़कर सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस की सदस्यता ले ली है। सोमवार को वह तृणमूल भवन स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पहुंची और तृणमूल की सदस्यता ली। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर अपेक्षित सम्मान नहीं देने का आरोप लगाया और कहा कि ममता बनर्जी ही बंगाल की अगले मुख्यमंत्री होंगी।
विष्णुपुर से सांसद सौमित्र खान की पत्नी ने कहा कि दिन के अंत में हमें सम्मान चाहिए। योग्यता होने के बावजूद मर्यादा नहीं मिल रही है। अगर किसी भी पार्टी में सम्मान नहीं मिले तो वहां रहना मूर्खता होगी। इस दौरान सुजाता ने कहा कि हमारी वर्तमान,  भूत और भविष्य की नेत्री ममता बनर्जी हैं और हमेशा रहेंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को लगता है कि वह बंगाल में सरकार बना लेगी लेकिन ऐसा होने वाला नहीं है। ममता बनर्जी यहां मुख्यमंत्री बनेंगी। वह सभी की प्रिय नेत्री हैं। सुजाता ने कहा कि भाजपा जब बंगाल में अस्तित्व संकट से जूझ रही थी तब हम लोगों ने जी तोड़ मेहनत की थी। जब पार्टी को महज 2 सीटें मिली थी तब हम लोगों ने मेहनत कर इसे 18 सीटों तक पहुंचाया। लेकिन आज वहां कोई सम्मान नहीं है। पद के लोभ में योग्यता का अपमान किया जा रहा है। इसलिए वहां रहने का कोई औचित्य नहीं है।
उल्लेखनीय है कि सुजाता के पति सौमित्र पहले तृणमूल कांग्रेस में ही थे और बांकुड़ा के विष्णुपुर से सांसद थे। गत लोक सभा चुनाव से पहले उन्होंने भाजपा की सदस्यता ले ली थी जिसके बाद राज्य प्रशासन ने उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामले दर्ज कर लिए थे। कोर्ट ने सौमित्र के बांकुड़ा में प्रवेश पर रोक लगा दी थी जिसकी वजह से उनकी पत्नी सुजाता ने उनका प्रचार अभियान चलाया   था। दिन रात मेहनत कर वह पूरे क्षेत्र में घूमी थीं और मतदाताओं से मिली थी जिसका व्यापक लाभ मिला और सांसद के तौर पर जीत दर्ज करने में सौमित्र सफल रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *