संयुक्त राष्ट्र पर्यवेक्षकों के वाहन पर फायरिंग के आरोपों को भारत ने किया ख़ारिज

0

 सुरक्षा मुहैया कराने में नाकाम रहा पाक, लगा रहा भारत पर झूठे आरोप: विदेश मंत्रालय



नई दिल्ली, 20 दिसम्बर (हि.स.)। भारत ने पाकिस्तान के उन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया कि जिसमें शुक्रवार को पूर्वाह्न भारत की ओर से संयुक्त राष्ट्र पर्यवेक्षकों के एक वाहन पर फायरिंग करने की बात कही गई थी। भारत ने कहा है कि पर्यवेक्षकों को सुरक्षा देने में नाकाम पाकिस्तान ऐसे मनगढ़ंत आरोप लगा रहा है जबकि उसे अपने क्षेत्र में हुई इस घटना की जांच करनी चाहिए।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने आरोप लगाया था कि भारत की ओर से पाकिस्तान अधिकृत चिरीकोट सेक्टर में उस वाहन पर फायरिंग की गयी जिसमें जम्मू-कश्मीर के सम्बन्ध में नियुक्त संयुक्त राष्ट्र के दो अधिकारी सवार थे। पाकिस्तान ने यह भी आरोप लगाया था कि भारतीय सेना ने जानबूझ कर इस वाहन को निशाना बनाया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि फायरिंग सम्बन्धी रिपोर्ट पर विस्तार से जांच की गई है और पाया गया है कि पाकिस्तान के आरोप पूरी तरह गलत और झूठे है।
उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के वाहनों के आवागमन के बारे में पहले से जानकारी थी, इसलिए फायरिंग का सवाल ही पैदा नहीं होता। पाकिस्तान का आरोप पूरी तरह बेबुनियाद है। प्रवक्ता ने कहा कि सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपनी विफलता को छिपाने के लिए भारत के खिलाफ निराधार और मनगढ़ंत आरोपों को दोहराने के बजाय पाकिस्तान को अपने नियंत्रण वाले क्षेत्र में संयुक्त राष्ट्र कर्मियों की सुरक्षा में हुई चूक की जांच करनी चाहिए। भारत ने पाकिस्तान को इस गलत बयानी पर अपने निष्कर्ष और मत से अवगत करा दिया है।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय का कहना था कि संयुक्त राष्ट्र के अधिकारी भारत की ओर से युद्ध विराम के कथित उल्लंघन में शिकार बने लोगों से मिलने लिए पोलास गांव जा रहे थे।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *