कृषि कानूनों के समर्थन में मेरठ से किसानों का दिल्ली कूच

0

मेरठ, 20 दिसम्बर (हि.स.)। कृषि कानूनों के विरोध के बीच अब किसान इन कानूनों के समर्थन में उतर आए हैं। रविवार को ट्रैक्टर-ट्राॅलियों में सवार हजारों किसानों ने मेरठ से दिल्ली के लिए कूच किया। इन किसानों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों के किसान शामिल हुए। किसानों के इस रैले से मेरठ-दिल्ली हाईवे पर जाम लग गया।
परमधाम न्यास से जुड़ी हिन्द मजदूर किसान समिति के बैनर तले हजारों किसानों का सैलाब रविवार को ट्रैक्टर-ट्राॅलियों में सवार होकर परतापुर में इकट्ठा हुआ। यहां से किसानों ने दिल्ली के लिए कूच किया। केंद्र सरकार के कृषि कानूनों का समर्थन करते हुए इन किसानों ने जमकर नारेबाजी की। मेरठ-दिल्ली हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। किसानों के अचानक उमड़ने पर पुलिस प्रशासन ने रूट डायवर्जन किया। परतापुर बाईपास से गुजरने वाले वाहनों को कंकरखेड़ा, बागपत रोड, रोहटा रोड फ्लाईओवर से दूसरे मार्गों पर डायवर्ट किया गया।
दलालों से छुटकारा, कृषि बिल हमारा
इस सैलाब में शामिल किसान कृषि कानूनों के समर्थन में नारेबाजी कर रहे थे। किसानों ने परमधाम न्यास के पूर्ण गुरु चंद्रमोहन को अपना प्रेरणा स्रोत बताया। किसानों ने ’दलालों से छुटकारा, कृषि बिल हमारा’ जैसे नारे लगाए। मेरठ में इकट्ठा हुए किसानों में बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, बिजनौर, हापुड़, बुलंदशहर आदि जिलों के किसान शामिल रहे। किसानों ने कहा कि कृषि कानूनों का विरोध करने वाले किसान नहीं है। किसानों को भ्रमित किया जा रहा है। वह किसानों को सच्चाई बताने के लिए दिल्ली जा रहे हैं। शाम को दिल्ली में किसानों की बड़ी पंचायत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *