उप्र में प्रतिदिन हो रहा नौ किमी सड़क का निर्माण कार्य: केशव मौर्य.

0

उप मुख्यमंत्री बोले, औसतन तीन दिन में बन रहा एक पुल रोड सेफ्टी के किये जा रहे हैं व्यापक प्रबन्ध



लखनऊ, 17 दिसम्बर (हि.स.)।  उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को यहां बताया कि राज्य जहां सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है, वहीं पुल-पुलियों, आरओबी व फ्लाईओवर का बड़े पैमाने पर निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में इस समय प्रतिदिन औसतन नौ किमी सड़क का निर्माण कार्य हो रहा है।
श्री मौर्य ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा 10 किमी प्रतिदिन की औसत से मार्गों का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है तथा 09 किमी प्रतिदिन की औसत से मार्गों का नवनिर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुल और पुलियों के निर्माण में भी काफी गति आयी है और औसतन प्रत्येक 03 दिन में एक सेतु का निर्माण पूर्ण किया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की वर्तमान सरकार के कार्यकाल में 11,941 किमी सड़कों का निर्माण कार्य अब तक पूरा किया गया है तथा 13,128 किमी सड़कों का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण हुआ है। साथ ही  3,28,866 किमी लम्बाई में सड़कों को गड्ढ़ामुक्त किया गया है। इसके आलावा अब तक प्रदेश भर में 397 पुलों का निर्माण किया गया है।
श्री मौर्य ने लोक निर्माण विभाग के उच्चस्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि जहां पर भी फ्लाईओवर, आरओबी या बड़े व घनी आबादी वाले कस्बों में बाईपास की जरूरत हो, शीघ्र से शीघ्र उनका चिन्हाकंन कर और सभी औपचारिकताएं पूरी करके निर्माण की कार्यवाही सुनिश्चित की जाये।
उन्होंने बताया कि मार्ग सुरक्षा व यातायात सुरक्षा के दृष्टिकोण से रोड सेफ्टी के व्यापक इन्तजाम किये जा रहे हैं। नाॅन कोर रोड नेटवर्क मार्गों पर चिन्हित ब्लैक स्पाॅट के सेफ्टी आॅडिट का कार्य सीआरआरआई दिल्ली द्वारा किया जा रहा है तथा वर्ष 2018 में 63 जनपदों में 467 चिन्हित ब्लैक स्पाट का सेफ्टी आॅडिट आईआईटी दिल्ली तथा आईआईटी बीएचयू वाराणसी द्वारा कराये जाने का आगणन स्वीकृत किया जा चुका है। लोक निर्माण विभाग के मार्गों पर परिवहन विभाग द्वारा चिन्हित किये गये 467 ब्लैक स्पाटस् पर साईन-बोर्ड, रम्बल स्ट्रिप एवं जेब्रा क्रासिंग बनाकर उनका सुधार किया गया है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *