केंद्र ने 3 आईपीएस अधिकारियों को जल्द भेजने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार को लिखी चिट्ठी

0

नई दिल्ली, 17 दिसम्बर (हि.स.)। केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल सरकार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के तीन अधिकारियों को तत्काल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेजने के लिए दूसरी बार पत्र लिखा है।

पत्र में आईपीएस कैडर नियमों का हवाला देते हुए तीनों आईपीएस अधिकारियों को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तुरंत भेजने को कहा गया है। पत्र के माध्यम से राज्य सरकार को तीनों आईपीएस अधिकारियों की पोस्टिंग की जानकारी भी दी गई है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करने में विफलता के मद्देनजर आईपीएस अधिकारियों राजीव मिश्रा, प्रवीण कुमार त्रिपाठी और भोलानाथ पांडे को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तुरंत दिल्ली रिपोर्ट करने को कहा है।

उल्लेखनीय है कि 10 दिसम्बर को भाजपा अध्यक्ष नड्डा के काफिले पर पश्चिम बंगाल में हमला हुआ था। गृह मंत्रालय ने पत्र में तीनों आईपीएस अधिकारियों को केंद्रीय अर्धसैनिक बलों में तैनात करने की भी जानकारी दी है। पत्र में बताया गया है कि भोलानाथ पांडे को पुलिस अनुसंधान और विकास ब्यूरो (बीआरपीडी) में पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार त्रिपाठी को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में डीआईजी और राजीव मिश्रा को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में आईजी के रूप में नियुक्त किया गया है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *