टीम हित के लिए पारी की शुरुआत करने को तैयार हूं : मार्नस लाबुसाने

0

एडिलेड, 12 दिसम्बर (हि.स.)। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के मध्यक्रम के बल्लेबाज मार्नस लाबुसाने ने कहा है कि वह टीम हित के लिए पारी की शुरुआत करने को तैयार हैं।

लाबुसाने ने शनिवार को पत्रकारों से कहा, “टीम को जिस चीज की जरूरत है, एक क्रिकेटर के तौर पर मुझे लगता है कि वह करना हमारा काम है। यह इस बात को सुनिश्चित करना है कि टीम के हित में हम सर्वश्रेष्ठ काम करें। अगर टीम चाहती है कि मैं सलामी बल्लेबाजी करूं तो मैं यह करूंगा। लेकिन हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा कि चीजें किस करवट बैठती हैं। जैसा मैंने कहा कि यह टीम स्पोर्ट है और मैच जीतना अहम है। अगर मेरे सलामी बल्लेबाजी करने से यह होता है तो मैं यह करूंगा।”
बता दें कि ऑस्ट्रेलियाई टीम के सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ग्रोइन की चोट के कारण पहले टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। वहीं, विल पुकोवस्की भी कनकशन के कारण पहले टेस्ट से बाहर हैं। आस्ट्रेलिया ने बाएं हाथ के मार्कस हैरिस को टीम में शामिल किया है। जोए बर्न्‍स को लेकर भी चिंता है क्योंकि वह खराब फॉर्म से परेशान हैं।
लाबुसाने ने कहा कि वह अभ्यास सत्र में तैयारी कर रहे हैं और इस बात को लेकर चिंतित नहीं हैं कि वह नंबर-3 पर बल्लेबाजी करें या ओपनिंग करें। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि अगर मैं सलामी बल्लेबाजी करूंगा तो मुझे इसके बारे में बता दिया जाएगा। मेरे लिए मैं सिर्फ बल्लेबाजी का अभ्यास कर रहा हूं चाहे नंबर-3 पर हो या सालमी बल्लेबाज के तौर पर। मैं बस इस बात को सुनिश्चित करना चाहता हूं कि मैं किसी भी स्थिति में बल्लेबाजी के लिए तैयार रहूूं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *