चिराग पासवान वर्तमान में राजग का हिस्सा : जीवेश मिश्र

0

कहा, हमारा काम सरकार चलाना है, गठबंधन चलाना नहीं

फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा और वह सर्वमान्य होगा



पटना, 05 दिसम्बर (हि.स.)। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) में भारी कड़वाहट के बीच भाजपा नेता व नीतीश सरकार के मंत्री जीवेश मिश्र ने शनिवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को लेकर एक अहम बयान दिया।उन्होंने कहा कि चिराग पासवान राजग में थे और वर्तमान में भी राजग का हिस्सा हैं।

पर्यटन, खनन एवं भूतत्व मंत्री मिश्र ने  फोन पर बातचीत में कहा कि कुछ मीडिया हाउस मेरी बात को तोड़ मरोड़ कर पेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चिराग ने बिहार विधानसभा चुनाव में राजग से अलग होकर चुनाव लड़ने का फैसला लिया था, लेकिन केंद्र में वे राजग का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि हमारा काम सरकार चलाना है, गठबंधन चलाना नहीं। यह फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा और नेतृत्व का जो फैसला होगा वो सर्वमान्य होगा। वर्तमान में वो हमारे गठबंधन का हिस्सा हैं। हालांकि इस बयान के बाद न तो जदयू और न ही भाजपा की ओर से कोई अधिकृत बयान  आया है।

उल्लेखनीय है कि केंद्र में राजग का हिस्सा रही लोजपा ने बिहार विधानसभा का चुनाव अकेले लड़ा था और 134 सीटों पर उम्मीदवार उतारा था। इसमें भाजपा के बागी भी शामिल थे। रणनीति के तहत एलान कर लोजपा अध्यक्ष और जमुई सांसद चिराग पासवान ने हर सीट पर जदयू के खिलाफ प्रत्याशी दिया था। इससे जदयू को नुकसान हुआ था। हालांकि, लोजपा भी दो से एक सीट पर सिमट कर रह गई, लेकिन उसका मत प्रतिशत बढ़ा।

लोजपा को करीब 24 लाख वोट मिले। इसके बाद लोजपा और जदयू में काफी कड़वाहट बढ़ गई। जदयू चाह रहा है राजग से किसी तरह लोजपा बाहर हो जाये। इस बीच, लोजपा को लेकर नीतीश सरकार के मंत्री जीवेश मिश्रा ने अहम बयान दिया है। बहराहल, लोजपा को लेकर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं पाई है कि वे भाजपा के साथ गठबंधन में रहेंगे या नहीं। क्योंकि, रामविलास पासवान के निधन के बाद अभी तक लोजपा से किसी को मोदी कैबिनेट में जगह नहीं दी गई है, लेकिन रामविलास पासवान से खाली हुई राज्यसभा सीट पर भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को उम्मीदवार बनाया है और उनकी जीत तय है। इकलौते उम्मीदवार होने की वजह से सात दिसम्बर को उन्हें जीत का प्रमाणपत्र मिल जायेगा। पार्टी सूत्रों की मानें तो चिराग को संभवतः मोदी कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *