बिहार राज्यसभा उपचुनाव में भाजपा ने सुशील मोदी को बनाया उम्मीदवार

0

नई दिल्ली, 27 नवम्बर (हि.स.)।
बिहार से राज्यसभा की एक सीट पर हो रहे उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सुशील कुमार मोदी को उम्मीदवार बनाया है। यह सीट केंद्रीय मंत्री व लोकजनशक्ति पार्टी (लोजपा) के संस्थापक रामविलास पासवान के निधन के कारण रिक्त हुई है।
भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति ने बिहार की इस सीट पर हो रहे उपचुनाव में सुशील कुमार मोदी के नाम पर स्वीकृति प्रदान की।
हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद सूबे में नीतीश कुमार के नेतृत्व की राज्य सरकार में सुशील कुमार मोदी को उपमुख्यमंत्री न बनाए जाने के बाद उनके केंद्रीय राजनीति में जाने के कयास लगने लगे थे। इन कयासों पर विराम लगाते हुए भाजपा नेतृत्व ने उन्हें राज्यसभा भेजने का फैसला कर लिया।
पासवान का बीते आठ अक्टूबर को इलाज के दौरान निधन हो गया था। वह काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। उनका राज्यसभा का कार्यकाल अप्रैल 2024 तक था।
केंद्रीय चुनाव आयोग ने इस सीट पर उपचुनाव के लिए गत 26 नवम्बर को अधिसूचना जारी कर दी। 03 दिसम्बर तक नामांकन और 04 दिसम्बर को उसकी जांच व नामांकन वापसी की जा सकेगी। इसके बाद 14 दिसम्बर को  सुबह 09 बजे से शाम 04 बजे तक मतदान कराया जाएगा। नतीजे 14 दिसम्बर की शाम तक घोषित कर दिए जाएंगे।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *