राबड़ी देवी ने किया 200 प्लाट होने का दावा, सुशील मोदी बोले- एक धुर भी हो तो कर दूंगा दान

0

पटना, 27 नवम्बर (हि.स.)।  बिहार विधान सभा के सत्र के अंतिम दिन शुक्रवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर चल रहे वाद विवाद के दौरान बिहार विधान परिषद में जोरदार हंगामा हुआ।

राज्यपाल के भाषण पर संशोधन देकर अपनी बात रख रही राबड़ी देवी ने इस दौरान सुशील मोदी पर जोरदार हमला बोला। कहा, पटना के लोदीपुर में सुशील मोदी के 150-200 प्लाट हैं जिस पर चुप्पी साधे बैठे हैं। राबड़ी के आरोप लगाने के साथ ही सुशील मोदी ने कहा कि अगर अगर एक धुर भी जमीन होगी तो आपको दान कर दूंगा।

हंगामा अभी शान्त भी नहीं हुआ था कि राबड़ी के एक और बयान ने सदन में खलबली मचा दी। राबड़ी ने लालू पर बीजेपी विधायक को फोन करने के आरोप पर जबाब देते हुए कहा कि सुशील मोदी सिर्फ यही काम करते हैं। कौन कहां फोन करता है सबके रिकॉर्ड हमारे पास है। लालू शासन को जंगलराज कहा जाता है पर आज कौन दागी नहीं है। कौन ऐसा व्यक्ति है, जिस पर दाग नहीं लगा है। सब पर आरोप लगे हैं। राबड़ी के इस बयान पर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने विरोध किया। कहा, सदन में मौजूद विधायकों पर राबड़ी देवी का बेतुका बयान है। सब को दागी कैसे कह सकती हैं। यह विधायकों और जनादेश का अपमान है।

राबड़ी देवी परिषद में बोलने के दौरान हुई भावुक

राबड़ी और परिवार को अनपढ़ कहे जाने पर राबड़ी देवी ने भावुक होते हुए सदन में कहा कि हमारे जमाने में गांव में स्कूल नहीं था, इसलिए नहीं पढ़ पाए। हमारे बाप-दादा ने नहीं पढ़ा तो हमारा क्या कसूर। साथ ही उन्होंने कहा कि आज लालू प्रसाद यादव ने सभी लोगों को आवाज दी तो आज सभी लोग पढ़ रहे हैं। राबड़ी ने कहा कि आज बिहार के लोग परेशान हैं। पिछले 15 सालों में बिहार में सिर्फ झूठा विकास हुआ। हमारे 15 साल के शासन को चलने नहीं दिया गया। चारा घोटाला की साजिश के तहत हमें फंसाया गया। जबकि चारा घोटाला पहले से हो रहा था फिर 1990 से जांच क्यों शुरू हुई। राबड़ी देवी ने कहा कि आज राजद विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी है। सरकार की साजिश के कारण हमें कई सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। एनडीए ने अगर नीतीश कुमार के चेहरे पर चुनाव जीता तो जदयू को 42 सीटें ही क्यों आईं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *