भारतीय तीरंदाजी संघ को 8 साल बाद मिली मान्यता

0

टोक्यो ओलंपिक को ध्यान में रखकर खेल मंत्रालय ने किया फैसला



नई दिल्ली, 26 नवम्बर (हि.स.)। युवा मामले और खेल मंत्रालय ने देश में तीरंदाजी खेल के प्रचार और नियमन के लिए राष्ट्रीय खेल महासंघ के रूप में भारत की तीरंदाजी एसोसिएशन (एएआई) को सरकारी मान्यता प्रदान की है। एएआई की सरकारी मान्यता भारतीय खेल विकास संहिता, 2011 (स्पोर्ट्स कोड) के अनुसार अपने चुनाव कराने में विफलता के कारण आठ साल पहले वापस ले ली गई थी। एएआई की सरकारी मान्यता एक वर्ष के लिए मान्य होगी।
जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री और तीरंदाजी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ने कहा कि टोक्यो ओलंपिक निकट है, इसलिए खेल मंत्रालय का यह कदम सराहनीय है। इससे समूचे तीरंदाजी समुदाय का मनोबल बढेगा। केंद्रीय मंत्री ने तीरंदाजी संघ को खेल मंत्रालय से मान्यता मिलने के कदम को ‘ऐतिहासिक और स्वर्णिम दिन’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह भारतीय लोगों के लिए एक नए युग की शुरुआत है। मुंडा ने कहा कि मान्यता लंबे संघर्ष और अदालती लड़ाई का परिणाम है। एएआई भारत में तीरंदाजी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए दृढ़ है।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय खेल विकास संहिता के अनुरूप चुनाव नहीं कराने के कारण भारतीय तीरंदाजी संघ की मान्यता रद्द कर दी गई थी। एएआई के चुनाव इस साल जनवरी में हुए थे, जिसमें केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की पैनल ने बहुमत हासिल किया था।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *