ट्विटर पर रिजर्व बैंक के फॉलोअर्स की संख्‍या 10 लाख के पार

0

यह उपलब्धि हासिल करने वाला दुनिया का पहला केंद्रीय बैंक- आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने ट्वीट कर दी जानकारी 



नई दिल्‍ली, 22 नवम्‍बर (हि.स.)। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) के ट्विटर पर ‘फॉलोअर्स’ की संख्या 10 लाख पार कर गई है। आरबीआई यह उपलब्धि हासिल करने वाला दुनिया का पहला केंद्रीय बैंक है।

रिजर्व बैंक गवर्नर शक्तिकांत दास ने रविवार को ट्वीट कर बताया कि ‘रिजर्व बैंक के ट्विटर खाते पर फॉलोअर्स की संख्या 10 लाख को पार कर गई है। इसके लिए रिजर्व बैंक में मेरे सभी सहयोगियों को बधाई।’ ज्ञात हो कि चालू वित्त वर्ष में 2.5 लाख फॉलोअर्स रिजर्व बैंक के ट्विटर हैंडल से जुड़े हैं।

माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर 10 लाख फॉलोअर्स के साथ आरबीआई ने अमेरिका के फेडरल रिजर्व और यूरोपीय केंद्रीय बैंक (यूसीबी) को पीछे छोड़ दिया है। रिजर्व बैंक के ट्विटर हैंडल पर उपलब्ध सूचना के मुताबिक उसके फालोअर्स की संख्या 27 सितमबर, 2020 को 9.66 लाख थी, जो बढ़कर अब 10 लाख हो गई है। दुनिया के सबसे शक्तिशाली केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के ट्विटर पर फॉलोअर्स की संख्या सिर्फ 6.67 लाख है। यूरोपीय केंद्रीय बैंक के फॉलोअर्स की संख्या 5.91 लाख है। अमेरिका का केंद्रीय बैंक मार्च, 2009 में ट्विटर से जुड़ा था। वहीं, ईसीबी अक्टूबर, 2009 से ट्विटर से जुड़ा है।

उल्‍लेखनीय है कि 85 साल पुराने रिजर्व बैंक का ट्विटर अकाउंट जनवरी, 2012 में शुरू हुआ था। गवर्नर दास का अलग ट्विटर हैंडल है, जिस पर फॉलोअर्स की संख्या 1.35 लाख है। मार्च, 2019 में ट्विटर पर आरबीआाई के फॉलोअर्स की संख्या 3,42,000 थी, जो मार्च, 2020 में दोगुना से ज्‍यादा होकर 7,50,000 हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि कोविड-19 महामारी के दौरान सात हफ्ते के लॉकडाउन में रिजर्व बैंक के ट्विटर पर फॉलोअर्स की संख्या में 1.5 लाख से ज्‍यादा की वृद्धि हुई है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *