गैर-व्यस्त घंटों के दौरान चेन्नई लोकल ट्रेनों में यात्रा कर सकेंगी महिलाएं: रेल मंत्री

0

नई दिल्ली, 21 नवम्बर (हि.स.)। रेलवे ने चेन्नई लोकल ट्रेनों में गैर-व्यस्त घंटों (गैर-पीक घंटों) के दौरान महिलाओं को 23 नवम्बर से यात्रा करने की इजाजत दे दी है।

रेल मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को ट्वीट कर कहा, रेलवे महिलाओं को 23 नवम्बर से सोमवार से शनिवार तक और रविवार को पूरे दिन गैर-पीक घंटों के दौरान चेन्नई में विशेष उपनगरीय सेवाओं में यात्रा करने की अनुमति देता है। उन्होंने कहा कि इससे महिला यात्रियों को बहुत फायदा होगा, जिससे उनकी यात्रा सुरक्षित, आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।

दक्षिण रेलवे के अनुसार, कोविड-19 के दौरान चेन्नई क्षेत्र में सरकार और अन्य संगठनों के जरूरी सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों के लिए 244 उपनगरीय ट्रेन सेवाओं को संचालित कर रहा है। अब महिलाओं को भी सुबह 10 बजे के बाद और दोपहर 4:30 बजे से पहले तक और शाम 7:30 बजे के बाद से देर रात तक लोकल ट्रेन में सफर करने की छूट दी गई है।

महिला यात्रियों के साथ 12 वर्ष तक की आयु के बच्चों को भी गैर-पीक घंटों के दौरान यात्रा करने की अनुमति होगी। दक्षिण रेलवे ने महिलाओं को सुबह 7 से 10 बजे के बीच और शाम को 4:30 से 7:30 बजे के बीच यात्रा से बचने की सलाह दी है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *