दिल्ली के दो वकीलों ने खरीदीं दाऊद इब्राहिम की 6 संपत्तियां

0

मुंबई, 10 नवम्बर (हि.स.)। अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की रत्नागिरी जिले की 6 संपत्तियां मंगलवार को नीलाम की गई। इनमें से 4 संपत्ति दिल्ली के वकील भूपेंद्र भारद्वाज व 2 संपत्ति अजय श्रीवास्तव ने खरीदी हैं। रत्नागिरी जिले के मुंबके गांव में स्थित दाऊद का बंगला अजय श्रीवास्तव ने 11 लाख 20 हजार रुपये में खरीदा है। इस नीलामी से सरकार को 22 लाख 79 हजार 600 रुपये का आर्थिक लाभ हुआ है।
केंद्रीय वित्त विभाग के अधिकारियों ने दाऊद इब्राहिम की संपत्तियों की नीलामी स्मगलर्स फारेन एक्सचेंज मनीपुलेटर एक्ट (साफेमा) के अंतर्गत ऑनलाइन की है। मुंबई में 12 मार्च 1993 में हुए सिलसिलेवार बम विस्फोट के बाद दाऊद इब्राहिम अपने परिवार सहित भारत से फरार हो गया था। इसके बाद जांच एजेंसियों ने दाऊद की नामी बेनामी संपत्ति को जब्त किया था। इनमें से कई संपत्तियों की नीलामी इससे पहले की जा चुकी हैं। सरकार की ओर से जब्त की गई संपत्तियों में से 7 संपत्तियों की नीमाली आज की जानी थी लेकिन एक संपत्ति में विवाद होने की वजह से उसकी नीलामी नहीं की जा सकी है।
आज दाऊद का बंगला, खेड तहसील के लोटे में आम की बाग सहित 6 संपत्तियों की नीलामी की गई है। दाऊद इब्राहिम के पिता इब्राहिम कासकर मुंबई में हवलदार पद पर नियुक्त होने के बाद मुंबई शिफ्ट हुए थे। मुंबई में इब्राहिम कासकर नागपाड़ा इलाके की पाकमेडिया स्ट्रीट में रहते थे। वहीं से दाऊद इब्राहिम अपराध की काली दुनिया में चला गया। उसके पहले इब्राहिम कासकर अपने बच्चों सहित मुंबके गांव के इसी बंगले में रहते थे, जो आज नीलाम किया गया। दाऊद इब्राहिम का बचपन इसी बंगले में बीता था, जिसे आज नीलामी के दौरान दिल्ली के वकील अजय श्रीवास्तव ने नीलामी में खरीदा है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *