अभिनेता अर्जुन रामपाल पर एनसीबी का शिकंजा, भेजा समन

0

मुंबई, 09 नवम्बर (हि.स.)। फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मौत प्रकरण में ड्रग्स कनेक्शन सामने आने के बाद नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की जांच जारी है। सोमवार को एनसीबी ने अंधेरी, बांद्रा और खार में कई स्थानों पर छापेमारी की। इसी सिलसिले में एनसीबी ने फिल्म अभिनेता अर्जुन रामपाल के घर पर भी छापा मारा और ड्रग्स, सीडी एवं अन्य सामान बरामद किया है। यह कार्रवाई एनसीबी के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े के नेतृत्व में की गई है। अर्जुन रामपाल को 11 नवंबर को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया गया है।
एनसीबी ने एक दिन पहले यानी रविवार को फिल्म निर्माता फिरोज नाडियाडवाला के घर पर छापेमारी की थी और ड्रग्स बरामद किया था। इस मामले में एनसीबी ने नाडियाडवाला की पत्नी शबाना सईद सहित अन्य 5 ड्रग पेडलरों को भी गिरफ्तार किया था। सोमवार को एनडीपीएस कोर्ट ने इन सभी को 23 नवंबर तक एनसीबी की कस्टडी में भेज दिया है।
एनसीबी फिरोज नाडियडवाला से गहन पूछताछ कर रही है। ड्रग्स मामले में एनसीबी फिल्म अभिनेत्री सारा अली खान, दीपिका पादुकोण, श्रद्धा कपूर से भी पूछताछ कर चुकी है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *