अमेरिकी विदेश मंत्री ने चीनी सरकार को बताया ‘शिकारी’

0

श्रीलंका को लेकर अमेरिका का नजरिया चीन से उलट एक दोस्त जैसा 



नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (हि.स.)। अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पॉम्पियो ने चीन की सरकार को ‘शिकारी’ बताते हुए कहा है कि श्रीलंका को लेकर अमेरिका का नजरिया चीन से उलट एक दोस्त जैसा है। अमेरिकी विदेश मंत्री भारत के बाद पड़ोसी देश श्रीलंका पहुंचे, जहां उन्होंने विदेश मंत्री दिनेश गुणावर्धने से द्विपक्षीय मुलाकात की।

एक प्रेस वार्ता में अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि चीन की साम्यवादी सरकार ‘शिकारी’ है। अमेरिका यहां एक मित्र और सहयोगी की तरह आया है। उन्होंने कहा कि एक मजबूत और संप्रभु श्रीलंका विश्व मंच पर अमेरिका का एक शक्तिशाली रणनीतिक भागीदार है। वह खुले एवं मुक्त ‘भारत-प्रशांत’ के लिए प्रकाश स्तंभ बन सकता है जबकि चीन इससे ठीक उलट सोचता है।

श्रीलंका के विदेश मंत्री गुणावर्धने ने अमेरिकी विदेश मंत्री की यात्रा को चीन से जोड़ने संबंधी एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि उनके देश की विदेश नीति निष्पक्ष है। श्रीलंका सभी के साथ काम करना चाहता है। उन्होंने कहा कि श्रीलंका और अमेरिका के संबंध आपसी सहयोग से लगातार आगे बढ़ रहे हैं। श्रीलंका शांति को समर्पित, निष्पक्ष और गुटनिरपेक्ष देश है। हम अमेरिका सहित अन्य देशों के साथ सामान्य संबंध जारी रहने की आशा करते हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *