श्रीनगर के लाल चौक क्लॉक टॉवर पर तिरंगा फहराने जा रहे भाजपा कार्यकर्ता हिरासत में लिये गए

0

श्रीनगर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। श्रीनगर के लाल चौक क्लॉक टॉवर पर सोमवार को सुबह तिरंगा फहाराने जा रहे तीन भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने श्रीनगर से हिरासत में लिया। भाजपा  महबूबा के देश विरोधी बयान को लेकर आज घाटी में तिरंगा यात्रा निकाल रही है।
तिरंगा यात्रा के क्रम में भाजपा कार्यकर्ता आज सुबह श्रीनगर के लाल चौक के क्लॉक टॉवर पर भारत माता की जय के नारे लगाते हुए तिरंगा फहराने के लिए आगे बढ़ रहे थे। कार्यकर्ता यह भी कह रहे थे कि कश्मीर भारत का अंग है। इसे कोई छीन नहीं सकता। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इन कार्यकर्ताओं ने पुलिस को बताया कि वह कश्मीर के भारत में विलय की तारीख पर यहां जश्न मनाने के लिए आए थे। उन्होंने यह भी कहा कि वे गुपकार घोषणा के सदस्यों को यह संदेश देना चाहते हैं कि कश्मीर में सिर्फ तिरंगा फहरेगा।
महबूबा के बयान के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पहले कुपवाड़ा से श्रीनगर तक तिरंगा यात्रा निकाली। इसके बाद कुपवाड़ा के भाजपा कार्यकर्ता श्रीनगर की मशहूर लाल चौक के क्लॉक टॉवर पहुंचे और तिरंगा फहराने की कोशिश की तो पार्टी के तीन कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए तीन भाजपा कार्यकर्ताओं में कुपवाड़ा जिला भाजपा प्रवक्ता मीर बशारत, मीर इश्फाक और अख्तर खान शामिल हैं। बशारत ने कहा कि लाल चौक में तिरंगा फहराने के पीछे उनका मकसद गुपकार डिक्लेरेशन फॉर पीपुल्स अलायंस में शामिल डॉ. फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती, उमर अब्दुल्ला समेत गठबंधन के अन्य सभी सदस्यों को यह संदेश देना है कि कश्मीर में केवल तिरंगा फहराया जाएगा। हिरासत में लिए गए तीनों भाजपा कार्यकर्ताओं को श्रीनगर के पुलिस स्टेशन कोठीबाग में रखा गया है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *