टू प्लस टू से पहले अमेरिकी रक्षा मंत्री का बड़ा बयान, भारत पर सैन्य दवाब डाल रहा चीन

0

नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (हि.स.)। अमेरिका के रक्षा मंत्री मार्क एस्पर ने कहा है कि चीन भारत से लगती उसकी सीमा पर सैन्य दबाव डाल रहा है। उनका यह बयान अगले सप्ताह भारत-अमेरिका के रक्षा व विदेश मंत्रियों की ‘टू प्लस टू’ वार्ता से ठीक पहले आया है।

एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एस्पर ने कहा कि भारतीय हर दिन हिमालय क्षेत्र खासकर वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चीनी आक्रमकता का सामना कर रहे हैं। क्षेत्र के कई अन्य देश भी इसी स्थिति का सामना कर रहे हैं। वह मान रहे हैं कि चीन ऐसा कर रहा है। कई जगह चीन सीधे आक्रमकता दिखा रहा है और कहीं जगह स्पष्ट नहीं है। चीन अपने स्तर पर राजनीतिक और राजनयिक दबाव डाल रहा है और भारत जैसे देश पर सैन्य दबाव डाल रहा है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पॉम्पियो ने कहा था कि चीन ने वास्तविक नियंत्रण रेखा के नजदीक 60 हजार सैनिकों की तैनाती की है। इस दौरान भारत यात्रा का जिक्र करते हुए एस्पर ने कहा विदेश मंत्री पोम्पियो और वह अगले हफ्ते भारत में होंगे। यह भारत के साथ दूसरी ‘टू प्लस टू’ वार्ता है। एस्पर ने कहा कि भारत आने वाले समय भारत-प्रशांत क्षेत्र में अमेरिका का करीबी सहयोगी होगा। अगले सप्ताह नई दिल्ली में 26-27 अक्टूबर भारत-अमेरिका के बीच टू प्लस टू वार्ता होने जा रही है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *