कराची की दोमंजिला इमारत में धमाका, पांच लोगों की मौत

0

इस्लामाबाद, 21 अक्टूबर (हि.स.)। कराची के मसकन चौरंगी के निकट गुलशन- ए- इकबाल क्षेत्र में बुधवार को सुबह दोमंजिला इमारत में हुए धमाके में कम से कम 5 लोग मारे गए और 15 अन्य घायल हुए हैं। इस मकान के आसपास की इमारतों की खिड़कियां भी चकनाचूर हो गई हैं। सभी घायलों को निकटवर्ती पटेल अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया है।
पाकिस्तानी मीडिया से बात करते हुए अधिकारियों ने कहा कि अभी धमाका होने का कारण नहीं पता चल सका है। फिलहाल सिलेंडर फटने से धमाका होने की आशंका जताई जा रही है। बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया है ताकि धमाके की वजह का पता चल सके। अनुमान है कि यह धमाका इमारत के दूसरे तल पर हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अगल-बगल के घरों के खिड़कियों और गाड़ियों के शीशों को भी काफी नुकसान हुआ है।
इससे पहले मंगलवार को दोपहर साढ़े तीन बजे के बाद कराची शहर की शीरीन जिन्ना कॉलोनी के पास एक बस टर्मिनल में बम विस्फोट हुआ था जिसमें पांच लोग घायल हुए थे। जांच-पड़ताल में आईईडी से विस्फोट किये जाने की आशंका जताई गई थी।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *