दोनों राज्य सरकार सीमा विवाद सुलझाकर शांति बहाल करें : केंद्र

0

प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने अंतरराज्यीय सीमा पर हालात सुधारने के लिए जरूरी कदम उठाने का दिया भरोसासोनोवाल ने पीएम और गृहमंत्री से की बात, दोनों सीएम ने भी आपस में बातकर मिलकर काम करने पर जताई सहमति



नई दिल्ली, 20  अक्टूबर (हि.स.)। असम-मिजोरम सीमा पर संघर्ष के बाद उपजे तनाव को लेकर केंद्र बहुत गंभीर हो गया है। इन दोनों राज्यों की सीमा पर हुए संघर्ष के बाद से वहां पर बहुत अधिक तनाव है। इसको लेकर केंद्र ने सोमवार को दोनों राज्यों की सरकारों से मिलकर सीमा विवाद को सुलझाने और शांति बहाल करने को कहा है। असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात कर मौजूदा हालात के बारे में जानकारी दी। प्रधानमंत्री मोदी ने सोनोवाल को भरोसा दिया कि अंतरराज्यीय सीमा पर हालात सुधारने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
एक न्यूज एजेंसी के अनुसार कहा गया है कि असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल और मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथांगा ने भी इस मुद्दे पर चर्चा की और हिंसा प्रभावित क्षेत्र में शांति कायम करने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई। सोनोवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से बात कर स्थिति की जानकारी दी और असम-मिजोरम सीमा पर शांति बहाल करने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी। गृह मंत्री शाह ने भी सोनोवाल को शांति बहाली के लिए हर संभव मदद का भरोसा दिया है।
असम सरकार ने अपने एक बयान में कहा कि सोनोवाल ने प्रधानमंत्री मोदी को मिजोरम के मुख्यमंत्री के साथ हुई अपनी बातचीत के बारे में और सीमा पर तनाव कम करने के लिए असम सरकार की तरफ से उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी भी दी गई है। साथ ही प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री से अंतर-राज्यीय सीमा पर हालात में सुधार के लिए उचित कदम उठाने को कहा है ।
दूसरी ओर केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला ने भी असम और मिजोरम के मुख्यमंत्रियों से बात की। एक सरकारी अधिकारी ने कहा कि दोनों राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस में भल्ला ने राज्य सरकारों से सामान्य स्थिति बहाल करने और अपने सभी मुद्दों का समाधान करने को कहा है।
एजेंसी के अनुसार इस बीच मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथांगा ने एक ट्वीट में सीमा पर शांति बहाली के लिए मुख्यमंत्री सोनोवाल के प्रयासों का स्वागत किया और कहा कि उनके हस्तक्षेप से क्षेत्र में शांति आएगी और राज्यों के बीच संबंध मजबूत होंगे। केंद्रीय उत्तर पूर्व क्षेत्र विकास मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी अंतर-राज्यीय सीमा क्षेत्र में शांति बहाली के लिए दोनों मुख्यमंत्री के प्रयासों की तारीफ की।
उल्लेखनीय है कि  शनिवार की रात मिजोरम के कोलासिब जिले और असम के कछार जिले की सीमा पर दो समूहों में हिंसक झड़प हो गई थी। हिंसक झड़पों में कई लोगों के जख्मी होने के बाद दोनों राज्यों की सीमा पर तनाव की स्थिति बन गई है। अधिकारियों के मुताबिक इलाके में हालात नियंत्रण में हैं। दोनों ही राज्यों ने सुरक्षा बल तैनात कर दिए हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *