अफगानिस्तान : वायुसेना के दो हेलीकॉप्टर टकराए, 15 लोगों की मौत

0

नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (हि.स.)। अफगानिस्‍तान में वायुसेना के दो हेलीकॉप्‍टरों के बीच भीषण टक्‍कर हो गई। इस दुर्घटना में 15 सैनिकों की मौत हो गई है। घटनास्‍थल पर राहत व बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। कुछ लोग घायल भी हुए हैं। उन्‍हें अस्‍पताल पहुंचाया गया है।

सुरक्षा सूत्रों के अनुसार वायुसेना के दो हेलीकॉप्टरों के टकराने की यह घटना मंगलवार की रात दक्षिणी हेलमंद प्रांत के नावा जिले में हुई। उस समय यहां एक ऑपरेशन में कुछ सैनिक घायल हो गए थे। उन्‍हें लेने तथा अतिरिक्‍त कमांडो को पहुंचाने के लिए ये दोनों हेलीकॉप्‍टर यहां पहुंचे थे। कमांडो को उतारकर और घायल सैनिकों को लेकर दोनों हेलिकॉप्टर वापस जा रहे थे, तभी हवा में यह भीषण हादसा हो गया।

हेलमंद प्रांत के गवर्नर के एक प्रवक्‍ता उमर ज्‍वाक ने नावा जिले में हुई इस घटना की पुष्टि की है। लेकिन अफगानिस्‍तान के रक्षा मंत्रालय ने खबर लिखने तक इस हादसे पर कोई बयान नहीं दिया है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *