उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की 11 राज्यसभा सीटों पर 9 नवंबर को होगा मतदान

0

नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (हि.स.)। चुनाव आयोग ने मंगलवार को उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की 11 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी। सभी सीटों पर 9 नवम्बर को मतदान होगा।
चुनाव आयोग ने मंगलवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया है कि राज्यसभा की 11 सीटें नवम्बर में सदस्यों के कार्यकाल पूरा होने के चलते रिक्त होने जा रही हैं। इन सीटों से वर्तमान में उत्तर प्रदेश से चंद्रपाल सिंह यादव, जावेद अली खान, अरुण सिंह, नीरज शेखर, पीएल पुनिया, हरदीप सिंह पुरी, रवि प्रकाश वर्मा, राजाराम, रामगोपाल यादव, वीर सिंह और उत्तराखंड से राज बब्बर सदस्य हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि चुनाव को लेकर अधिसूचना 20 अक्टूबर को जारी की जाएगी। नामांकन की अन्तिम तारीख 27 अक्टूबर होगी तथा 28 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 02 नवम्बर तक उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकते हैं और 09 नवम्बर को पूर्वाह्न 09 बजे से अपराह्न 04 बजे तक मतदान का समय है। इसी दिन मतगणना की जाएगी। 11 नवम्बर से पहले  निर्वाचन सम्पन्न करा लिया जाएगा।

संख्या बल के हिसाब से इन दस में से नौ सीटों पर भाजपा के उम्मीदवारों का राज्यसभा में जाना तय माना जा रहा है। समाजवादी पार्टी के खाते में एक सीट जा सकती है। इसमें पार्टी महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव का ही राज्यसभा उम्मीदवार होना तय है। बहुजन समाज पार्टी व कांग्रेस अपने किसी सदस्य को जीत दिलाने की स्थिति में नहीं हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *