बर्थडे स्पेशल: आज भी अपनी स्‍टाइल को लेकर सुर्खियों में बनी रहती हैं दिग्गज अभिनेत्री रेखा

0

बॉलीवुड में अपनी खूबसूरती, शोख अदाओं और अभिनय के लिए मशहूर सदाबहार अभिनेत्री रेखा आज 66 साल की हो गई हैं। रेखा हिंदी सिनेमा की सर्वश्रेष्‍ठ अभिनेत्रियों के तौर पर जानी जाती हैं। इतने उम्र में भी वह फिट और खूबसूरत हैं। दिग्गज अभिनेत्री रेखा आज भी अपनी स्‍टाइल को लेकर सुर्खियों में बनी रहती हैं। 10 अक्टूबर, 1954 को मद्रास में जन्मी रेखा का पूरा नाम भानुरेखा गणेशन हैं। रेखा का पूरा जीवन काफी उतर-चढ़ाव भरा रहा। रेखा तमिल फिल्मों के जाने-माने अभिनेता जेमिनी गणेशन और अभिनेत्री पुष्पावल्ली की बेटी हैं। दोनों ने छुपकर शादी की थी और दोनों अलग-अलग रहते थे। रेखा के पिता ने कभी भी रेखा को अपनी पुत्री नहीं माना जिस वजह से रेखा हमेशा ही पिता के प्यार से वंचित रही।
रेखा ने अपनी शुरुआती पढ़ाई चर्च पार्क कॉन्वेंट स्कूल से की, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण रेखा को बीच में ही अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ी। इसके बाद रेखा ने भी अपने माता-पिता की तरह ही अभिनय जगत में कदम रखा और बतौर बाल कलाकार तेलुगु फिल्म ‘रंगुला रत्नम’ से अपनी करियर की शुरुआत की। रेखा का निजी जीवन और सार्वजनिक जीवन काफी उथल पुथल रहा है। कई लोग रेखा को बदसूरत कहकर काम देने से मना कर देते थे, लेकिन रेखा ने कभी भी हार नहीं मानी।
साल 1970 में रेखा ने हिंदी फिल्म ‘सावन भादो’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इसके बाद रेखा कई फिल्मों में अभिनय करती नजर आई और उन्होंने अपने शानदार अभिनय से यह साबित किया ही वह फिल्म में हर तरह के किरदार को बेहतर तरीके से निभाने में सक्षम हैं। समय के साथ रेखा अपनी खूबसूरती, अदाओं, मेहनत, संघर्ष, लगन और अभिनय से दर्शकों के दिलों पे इस कदर छाई की हर कोई उनका मुरीद हो गया। रेखा ने अपने करियर में 180 से भी ज्यादा फिल्मों में काम किया जिसमें जमीन आसमान, नमक हराम, नागिन, आप की खातिर, खून-पसीना, खूबसूरत, उमराव जान, सिलसिला, लज्जा, दिल हैं तुम्हारा, कोई मिल गया आदि शामिल हैं।
फिल्मों में अभिनय के अलावा रेखा ने कुछ फिल्मों में गाने भी गाए हैं जिसमें उनकी फिल्म खूबसूरत का गाना ‘सारे नियम तोड़ दो’ भी शामिल हैं। रेखा को फिल्मों में उनके योगदान के लिए साल 2010 में भारत सरकार की ओर से पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा रेखा को एक राष्ट्रीय पुरस्कार और तीन फिल्मफेयर पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका हैं। रेखा की निजी जिंदगी काफी रहस्यभरी रही है। रेखा ने उद्योगपति मुकेश अग्रवाल से साल 1990 में शादी की थी, लेकिन शादी के 6 महीने बाद ही मुकेश ने सुसाइड कर लिया। वह अवसाद से ग्रस्त थे। रेखा ने काफी मुश्किलों का सामना किया, लेकिन वह जिंदगी के इस उतार-चढ़ाव में बहुत मजबूती के साथ खड़ी रही। रेखा अब भी अभिनय जगत में सक्रिय हैं और उन्होंने हाल ही में स्टार प्लस पर प्रसारित होने वाले धारावाहिक ‘गुम हैं किसी के प्यार में’ से छोटे पर्दे पर डेब्यू किया हैं। आज भी रेखा अपनी खूबसूरती और फैशन से अच्छे-अच्छे यंगस्टर को मात देती हैं। उनके चाहने वालों की संख्या लाखों में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *