नागालैंड के पूर्व राज्यपाल अश्वनी कुमार ने की आत्महत्या

0

शिमला में लटका मिला शव सुसाइड नोट में लिखा, जिंदगी से तंग आकर अगली यात्रा पर निकल रहा हूं
सीबीआई के निदेशक और हिमाचल के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) भी रहे



शिमला, 07 अक्टूबर (हि.स.)। नागालैंड के पूर्व राज्यपाल और सीबीआई निदेशक रहे अश्वनी कुमार ने आत्महत्या कर ली है। राजधानी शिमला के ब्राकहाॅस्ट स्थित निवास में बुधवार शाम उनका शव फंदे से लटका पाया गया। वह 70 वर्ष के थे। घटना की जानकारी मिलते ही शिमला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पड़ताल शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। सुसाइड नोट में लिखा गया है कि जिंदगी से तंग आकर अगली यात्रा पर निकल रहा हूं।
पुलिस अधीक्षक शिमला मोहित चावला ने पुष्टि करते हुए बताया कि यह हैंगिंग का मामला है और इसकी जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि अश्वनी कुमार का जन्म सिरमौर जिला के मुख्यालय में नाहन में हुआ था। वह आईपीएस अधिकारी थे और वर्ष 2006 से 2008 तक हिमाचल के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) रहे। अगस्त 2008 से नवंबर 2010 के बीच वह सीबीआई के निदेशक रहे थे। अश्वनी कुमार सीबीआई के पहले ऐसे प्रमुख हैं जिन्हें बाद में राज्यपाल बनाया गया था। मार्च 2013 में उन्हें नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। हालांकि वर्ष 2014 में उन्होंने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था। इसके बाद वह शिमला में एक निजी यूनिवर्सिटी के वीसी भी रहे।
जानकारी अनुसार कोरोना लाॅकडाउन के दौरान अश्वनी कुमार पत्नी व बेटे संग मुंबई में थे और हाल ही में शिमला लौटे थे। आत्महत्या की इस घटना से हर कोई स्तब्ध है। हिमाचल में आत्महत्या के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। प्रदेश में वर्ष 2020 में अभी तक करीब 400 लोग मौत को गले लगा चुके हैं। वर्ष 2019 में कुल 563 आत्महत्या से जुड़े मामले दर्ज किए गए थे।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *