भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह लोजपा में, दिनारा से लड़ेंगे चुनाव

0

क्षेत्र की जनता के दबाव में चुनाव लड़ने का लिया फैसलाः राजेंद्र सिंह



पटना, 06 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार भाजपा के उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) में शामिल हो गये। लोजपा अध्यक्ष व जमुई सांसद चिराग पासवान ने उन्हें पार्टी की सदस्यता ग्रहण करायी। साथ ही उन्होंने दिनारा विधानसभा क्षेत्र लोजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने के लिए सिंबल भी दे दिया। राजेंद्र सिंह सात अक्टूबर को नामांकन करेंगे। मंगलवार को राजेंद्र सिंह ने कहा कि दिनारा क्षेत्र की जनता के दबाव में चुनाव लड़ने का फैसला किया। लोग चुनाव लड़ने के लिए बेहद दबाव बनाए हुए हैं। इसे नजरअंदाज नहीं कर सकते।

दरअसल, सासाराम के कोचस के गौरा गांव के रहने वाले राजेंद्र सिंह दिनारा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे। एनडीए गठबंधन में यह सीट जदयू के खाते में चली गई है और यहां से जदयू ने मंत्री जय कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया हैं। पिछले विधानसभा चुनाव 2015 में राजेंद्र सिंह भाजपा के टिकट पर दिनारा सीट पर खड़े हुए थे और जदयू के उम्मीदवार जय कुमार सिंह को जोरदार टक्कर दी थी, लेकिन वह करीब 2700 वोटों से चुनाव हार गए थे। राजेन्द्र सिंह आरएसएस से और अखिल भारतीय परिषद से जुड़े थे। रामजन्म भूमि आंदोलन में भी सक्रिय भूमिका निभायी थी। वर्ष 2004 में वह भाजपा से जुड़े। वाराणसी में संगठन मंत्री रहे। वर्ष 2013 में झारखंड के प्रदेश संगठन महामंत्री भी बने। वर्तमान में बिहार भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *