एनडीए में वही रहेगा , जिसे नीतीश का नेतृत्व स्वीकारः संजय जायसवाल

0

लोजपा से आंतरिक गठजोड़ की चर्चा पर नीतीश के तेवर तल्खरिश्ता बचाने के लिए संजय जायसवाल ने लोजपा को दिया स्पष्ट संदेश



पटना, 06 अक्टूबर (हि.स.)। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) अध्यक्ष व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ हुए बैठक के बाद मंगलवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि एनडीए में वही रहेंगे जो बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व को स्वीकार करेंगे।

मंगलवार की दोपहर तीन बजे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चाणक्य होटल स्थित पार्टी के मीडिया सेंटर पहुंचे। उन्होंने मुश्किल से लगभग एक मिनट मीडिया से बात की। कहा, बिहार में एनडीए के नेता नीतीश कुमार हैं। बिहार के गठबंधन में सारी बातें नीतीश कुमार के नेतृत्व में हो रही हैं। नीतीश के नेतृत्व को बिहार में भाजपा पूरे तौर पर स्वीकार करती है। एनडीए गठबंधन में वही रहेंगे जो बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व को स्वीकार करेंगे। नीतीश को मुख्यमंत्री बनाने के लिए भाजपा पूरे तौर पर प्रयास करेगी। नीतीश कुमार तीन चौथाई से अधिक बहुमत के साथ फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे। सूत्रों की मानें तो लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के साथ आंतरिक गठजोड़ की चर्चा ने तुल पकड़ लिया। बात एक अणे मार्ग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तक पहुंची और उन्होंने अपने तेवर तल्ख किये। इसके बाद बिहार भाजपा के चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडणवीस, बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। इसके बाद मामला पटरी पर आया।

पीएम मोदी की तस्वीर और नाम का इस्तेमाल ने करे लोजपा

इससे पहले, भाजपा ने लोजपा से स्पष्ट कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर और नाम का इस्तेमाल बिहार विधानसभा चुनाव में न करे। साथ ही उनका नाम लेकर वोट न मांगे। अब जब लोजपा एनडीए से अलग हो गई है तो उसे पीएम मोदी के नाम को इस्तेमाल करने की अनुमति हरगिज नहीं दी जा सकती।

प्रधानमंत्री किसी पार्टी के नहीं, पूरे देश के हैः लोजपा

लोजपा ने भी भाजपा को कह दिया कि प्रधानमंत्री किसी पार्टी के नहीं, बल्कि पूरे देश के हैं। पीएम मोदी हमारे लिए विकास के मॉडल हैं। मोदी हमारे लिए विकसित देश के विचार के रूप में हैं। हम बिहारियों के नाज के लिए चुनाव लड़ रहे हैं, उन्हें सम्मान दिलाना पीएम मोदी भी चाहते हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *