पूर्व केंद्रीय मंत्री रशीद मसूद की कोरोना से मौत

0

सहारनपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। सहारनपुर की राजनीति के दिग्गज पूर्व केंद्रीय मंत्री काजी रशीद मसूद का सोमवार को कोरोना से निधन हो गया। वह नौ बार लोकसभा और राज्यसभा सदस्य रहे। उनके निधन से सहारनपुर में शोक की लहर दौड़ गई।
एक समय सहारनपुर जनपद की सियासत काजी रशीद मसूद के इर्द-गिर्द घूमती थी। वह सहारनपुर लोकसभा सीट से पांच बार सांसद चुने गए। इसके साथ ही चार बार राज्यसभा सदस्य रहे। वह काफी समय से हृदय और गुर्दा रोग से पीड़ित चल रहे थे। गत 27 अगस्त को कोरोना पाॅजिटिव होने के कारण उन्हें दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तीन दिन पहले तबीयत ठीक होने पर वह सहारनपुर अपने घर आ गए थे। रविवार को फिर से तबीयत खराब होने पर रूडकी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सोमवार को उनका अस्पताल में निधन हो गया। पूर्व केंद्रीय मंत्री के भतीजे पूर्व विधायक इमरान मसूद ने निधन की पुष्टि की। सोमवार की शाम को गंगोह स्थित कब्रिस्तान में शव को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। रशीद मसूद ने सबसे पहले 1977 में जनता पार्टी के टिकट पर सहारनपुर से लोकसभा चुनाव जीता। इसके बाद वह 1980, 1989, 1991 और 2004 में सहारनपुर से लोकसभा चुनाव जीते। वह 1990 में वीपी सिंह की सरकार में स्वास्थ्य राज्य मंत्री रहे।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *