झारखंड: अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी का निधन

0

रांची, 03 अक्टूबर (हि.स.) । झारखंड के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी का शनिवार को मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वह कुछ दिन पहले कोरोना से संक्रमित हुए थे। उनको मेदांता में भर्ती कराया गया था। पर शुक्रवार की शाम उनकी रिपोर्ट निगेटिव आयी थी। उनको आइसीयू में रखा गया था। आइसीयू में ही उनकी मौत हुई। उनकी मौत शनिवार को लगभग अपराह्न 3.50 बजे हुई।
बताया जा रहा है कि हुसैन की मौत हार्ट अटैक से हुई है। डॉक्टर आज अंसारी को छुट्टी देने वाले थे। लेकिन अचानक  हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई।
उल्लेखनीय है कि हाजी हुसैन अंसारी का जन्म दो मार्च 1948 में मधुपुर के पिपरा गांव में हुआ था। इनके पिता का नाम हाजी पैगाम अंसारी और माता का नाम सलमा बीबी है। इनकी चार संतान हैं, जिसमें तीन पुत्री एवं एक पुत्र है। पहली बार अखंड बिहार में मधुपुर से 1995 में चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। इसके बाद उन्होंने राज्य गठन के बाद 2000, 2009 एवं 2019 में चुनाव जीता और विधानसभा पहुंचे। अलग झारखंड राज्य आंदोलन के दौरान इन्हें जेल की भी यात्रा करनी पड़ी थी। विज्ञान से स्नातक हाजी हुसैन अंसारी को साहित्य के क्षेत्र में अभिरूचि रही। राजनीति में इनके आदर्श झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन रहे। अंसारी के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित अन्य नेताओं ने गहरा शोक प्रकट किया है। वहीं रघुवर दास ने अंसारी के निधन पर दुख जताया है। दास ने कहा कि ईश्वर उनकी आत्मा को शांति और उनके परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *