हाथरस में सड़कों पर उतरे लोग, पुलिस की गाड़ी का शीशा टूटा

0

उपद्रवियों ने पुलिस पर किया पथराव, पुलिस ने आंसू गैस के गोले चलाए



हाथरस, 30 सितम्बर (हि.स.)। जनपद के थाना कोतवाली चंदपा क्षेत्र के एक गांव की दुष्कर्म पीड़ित लड़की के समर्थन में आए लोगों ने बुधवार को जमकर उत्पात मचाया। सासनी गेट चौराहा बागला मार्ग रेलवे स्टेशन फाटक के निकट उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। स्थिति को बिगड़ते देख पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी चलाए। पत्थर लगनेे से पुलिस की गाड़ी का शीशा टूट गया।
दुष्कर्म पीड़ित लड़की की मौत के बाद उसके हत्यारोपियों को फांसी की सजा दिलाए जाने की मांग को लेकर बुधवार को लोग सड़कों पर उतर आये। कांग्रेस जिला अध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य के नेतृत्व में लोग जुलूस निकालते हुए सासनी गेट चौराहे की तरफ आ रहे थे, इसी बीच सिटी रेलवे स्टेशन फाटक रेलवे लाइन के पास से जुलूस में शामिल लोगों ने पत्थर उठा लिए और कुछ ही दूरी पर जाते ही भीड़ उग्र हो गई। देखते ही देखते पथराव शुरू कर हो गया। इस बीच एक राहगीर की बाइक को भीड़ में शामिल लोगों ने आग के हवाले कर दिया। समय रहते बाइक की आग को बुझा दिया गया। पुलिस ने करीब आधा घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मामला शांत कराया।
मामले की जानकारी जैसे ही शहर में फैली सभी दुकानदार अपनी दुकान का शटर डाल कर भागने लगे। इसी बीच जिला प्रशासन व पुलिस के लोगों ने दुकानदारों को समझाया और शहर में फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान दुकानदारों से शांति व्यवस्था बनाने में सहयोग प्रदान करने को भी कहा गया। ताकि शहर की फिजा में शांति कायम रह सके।
अपर पुलिस अधीक्षक प्रकाश कुमार ने बताया कि बाजार में जगह जगह पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया। प्रशासन व पुलिस की मुस्तैदी के कारण समय रहते मामले को काबू में कर लिया गया।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *