किसान रेल से मजबूत होगी कृषि अर्थव्यवस्था : तोमर

0

देश की दूसरी व दक्षिण भारत की पहली किसान रेल का शुभारंभ 



नई दिल्ली, 09 सितम्बर (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने देश की दूसरी और दक्षिण भारत की पहली किसान रेल का बुधवार को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसान रेल से कृषि की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए हुए कार्यक्रम में आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी, रेल राज्य मंत्री सुरेश सी. अंगड़ी उपस्थित रहे। दक्षिण मध्य रेलवे के गुंतकल मंडल के अंतर्गत, यह विशेष गाड़ी के रूप में अनंतपुर (आंध्र प्रदेश) से आदर्श नगर (दिल्ली) के लिए रवाना हुई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तोमर ने कहा कि गांव-गरीब-किसान हमेशा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राथमिकता पर रहे हैं। खेती की व्यवस्था में किसानों को मुनाफा हों, उनकी आय दोगुनी हों, इन उद्देश्यों की पूर्ति के लिए पीएम हर बजट में प्रयत्न करते रहे हैं, जो सफल भी हो रहे हैं। बजट में किसान रेल व किसान उड़ान की सुविधाओं की घोषणा की गई थी, ताकि फल-सब्जियां कम समय में एक से दूसरे स्थान पर भेजे जा सकें।
उन्होंने कहा कि गत 7 अगस्त को देवलाली से दानापुर तक पहली किसान रेल प्रारंभ की गई, जिसकी मांग बढ़ने पर रेल मंत्री  पीयूष गोयल ने इसके फेरे भी बढ़ा दिए हैं। अब दूसरी किसान रेल चलने से आंध्रप्रदेश से दिल्ली तक रास्ते के सभी राज्यों के किसानों को भी इसका लाभ होगा। तोमर ने कहा कि आंध्र में मुख्यमंत्री रेड्डी कृषि के क्षेत्र पर ध्यान दे रहे है। केंद्र सरकार द्वारा लागू दो नए अध्यादेश तथा एक लाख करोड़ के कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर फंड का भी क्रियान्वयन किया जा रहा है। अनंतपुर में 2 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में फल-सब्जियों की खेती की जाती है, किसान रेल चलने से इन किसानों को लाभ होगा। किसान उड़ान का क्रियान्वयन भी किया जाएगा, जिससे बागवानी फसलों के परिवहन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री रेड्डी ने कहा कि बागवानी में आंध्रप्रदेश का महत्वपूर्ण स्थान है। टमाटर, पपीता, कोको व चिली के उत्पादन में देश में आंध्रप्रदेश का पहला स्थान है। कोविड संकट के चलते ये उपज दिल्ली तक पहुंचाना मुश्किल हो रहा था, इसलिए प्रधानमंत्री से निवेदन किया, जिन्होंने किसानों की सुविधा के लिए इसकी व्यवस्था कराई।  रेड्डी ने कहा कि आंध्रप्रदेश, दक्षिण भारत का बड़ा फल उत्पादक राज्य है। हमने किसानों को प्रोत्साहन व मदद के लिए कई कार्य किए है। लाकडाउन में 11 विशेष रेलगाड़ी अनंतपुर से मुंबई चलाई गईं ताकि यहां के फल देश के विभिन्न स्थानों तक पहुंच सकें। रेल राज्य मंत्री शल अंगड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य किसानों की आय दोगुनी करना है। जहां किसानों को परिवहन की सुविधा नहीं है, वहां किसान रेल प्रारंभ करके उनकी सहायता की जा रही है। अब आंध्र से दिल्ली तक कम समय में किसानों के उत्पाद पहुंच जाएंगे।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *