कंगना की मुसीबतें बढ़ीं, बंगले पर मुंबई नगर निगम ने चिपकाया नोटिस

0

मुंबई नगर निगम ने रिनोवेशन का काम रुकवाया



मुंबई, 08 सितम्बर (हि.स.)। शिवसेना से टकराव के बाद फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत की मुसीबतें बढ़ गई हैं । मुंबई नगर निगम ने मंगलवार को बांद्रा में स्थित कंगना रनौत के बंगले पर नोटिस चिपका दिया है। नगर निगम ने इसके आगे बंगले पर हो रहे रिनोवेशन के काम को रोकने का भी निर्देश दिया है और 24 घंटे के अंदर बंगले के दस्तावेजों की जानकारी मुंबई नगर निगम को भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
दरअसल, बांद्रा में स्थित पाली हिल इलाके में कंगना रनौत के बंगले में रिनोवेशन का काम काफी पहले से चल रहा था लेकिन शिवसेना के साथ उनके विवाद के बाद सोमवार को मुंबई नगर निगम के अधिकारी बंगले पर गए थे। इन अधिकारियों ने बंगले पर चल रहे काम का सूक्ष्म निरीक्षण किया था। इससे यहां कई काम मुंबई नगर निगम के नियमों के विरुद्ध पाए गए हैं। इसके बाद आज नगर निगम की ओर से कंगना रनौत के बंगले के बाहर नोटिस चिपकाया गया है। संभावना है कि मुंबई नगर निगम कंगना पर अनधिकृत काम करने का मामला भी दर्ज कर सकती है।
उल्लेखनीय है कि कंगना रनौत ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले के बाद मुंबई पुलिस व मुंबई शहर की आलोचना की थी। शिवसेना प्रवक्ता संजय राऊत ने इसे मुंबई और महाराष्ट्र की अस्मिता से जोड़ दिया था। इसके बाद शिवसेना व कंगना के बीच विवाद बढ़ गया है। सोमवार को शिवसेना विधायक प्रताप सरनाईक ने भी विधानसभा अध्यक्ष से कंगना पर कार्रवाई करने की मांग थी। इसलिए विधानसभा अध्यक्ष ने भी कंगना पर कार्रवाई का निर्देश दिया है। इसी तरह सोमवार को कंगना के मुंबई आने पर उन्हें क्वारंटीन करने का निर्देश महापौर किशोरी पेडणेकर ने दिया है। किशोरी पेडणेकर ने कहा कि केंद्र सरकार की कोरोना के संदर्भ में जारी गाइड लाइन के अनुसार ही कंगना को क्वारंटीन किया जाएगा। इससे अब कंगना की मुसीबतें बढ़ती प्रतीत हो रही हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *