बिना निर्माण के ही 35 लाख की निकासी कर लगा दिया बोर्ड

0

बिहारशरीफ , 06 सितम्बर (हि.स.)। सीएम नीतीश कुमार के गृह जिले  नालंदा में बिना सड़क बनाए ही 35 लाख रुपए की निकासी हो गई। यह मामला नालंदा जिले के इस्लामपुर प्रखंड का है जहां मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ अनुरक्षण कार्यक्रम के तहत सड़क का निर्माण कार्य किया जाना था। इस सड़क का निर्माण कार्य और कालीकरण के नाम पर करीब 35 लाख रुपये का घोटाला करने का मामला उजागर हुआ है। इस्लामपुर-गया रोड से गुड़रु गांव तक जाने वाली करीब 1.075 किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य कराया जाना था जिसमें कार्य आरंभ की तिथि 02-7-2019 और कार्य समाप्ति की तिथि 01-7-2020 रखी गई थी। लेकिन आज तक न तो सड़क निर्माण कार्य हुआ और ना ही कालीकरण। फिर भी सड़क निर्माण कार्य का बोर्ड रातों-रात उसी सड़क किनारे लगा दिया गया। सबसे बड़ी बात यह है कि संवेदक और ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से सड़क किनारे बोर्ड लगा दिये जाने के बाद सभी ग्रामीण अचंभित हो गये, मगर साथ ही वे बोर्ड को देखकर आक्रोशित भी हो गये। ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह से विभाग और संवेदक ने इस रोड का निर्माण कार्य कराये बिना रातों-रात बोर्ड लगा दिया है,इससे यह साफ जाहिर होता है कि इस सड़क का निर्माण  कराये बिना  पूरी की पूरी राशि का गबन कर लिया गया है। अगर पूरे मामले की जांच होगी तो बहुत बड़े घोटाले के खुलने से इनकार नहीं किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *