बिहार के चुनावी इतिहास का सबसे महत्वपूर्ण होगा यह विधानसभा चुनाव : अमिता भूषण

0

बेगूसराय, 06 सितम्बर (हि.स.)। कांग्रेस का बिहार क्रांति महासम्मेलन बिहार की दशा और दिशा तय करेगा। प्रभारी सचिव अजय कपूर के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस महासम्मेलन को राष्ट्रीय और प्रदेश के नेता संबोधित करेंगे तथा बिहार में बदलाव क्यों जरूरी है इस पर अपनी बात रखेंगे। प्रथम चरण में सात सितम्बर से इस महासम्मेलन की शुरुआत हो रही है तथा सभी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा। बिहार  महिला कांग्रेस अध्यक्ष सह बेगूसराय नगर विधायक अमिता भूषण ने रविवार को यह बातें कही है। उन्होंने कहा कि बिहार में चुनावी समर का आगाज हो चुका है। राज्य के चुनावी इतिहास का यह सबसे महत्वपूर्ण चुनाव होने जा रहा है, जहां फरेब से खरीदे गए जनादेश के दम पर एक ऐसी सरकार को बदलने का निर्णय लेना है, जिसने बिहार को न सिर्फ बदहाली की तरफ धकेला है बल्कि पिछले कुछ दिनों में सामान्य से खास, हर तबके की जिंदगी को अनिश्चय की स्थिति में ला दिया है। आर्थिक कंगाली, कोरोना काल में मजदूरों, श्रमिकोंं और मध्यम वर्ग की तबाही, अनियंत्रित अपराध, रोजगार को भटकता युवा आज बिहार की पहचान बनते जा रहे हैं।  उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने  इससे छुटकारा पाने के लिए तय कर लिया है , जिसके लिए उन्हें सही राजनीतिक नेतृत्व की तलाश है। कांग्रेस पार्टी ने बिहार के गौरव की लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया है। कांग्रेस ने जनता के सुर में सुर मिलाते हुए बोले बिहार बदले सरकार का नारा दिया है। इस नारे को जन आंदोलन का रूप देने और बिहार में बदलाव क्यों जरूरी है इस बात को आमजन तक पहुंचाने के लिए बिहार क्रांति महासम्मेलन का कांग्रेस ने आगाज किया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *