मानव तस्कर गिरोह का पर्दाफाश, झारखंड की 6 नाबालिग सहित 30 लड़कियां मुक्त

0

सूरत/अहमदाबाद, 05 सितम्बर (हि.स.)। पलसाना थाना अंतर्गत नवसारी पुलिस और सूरत पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शनिवार को एक मानव तस्कर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए झारखंड से लाई गई 6 नाबालिग बच्चियों सहित 30 लड़कियों को मुक्त कराया है। इन लड़कियों को पलसाना के मखिंगा गांव के झींगा कारखाने में बंधक बनाकर रखा गया था। पुलिस ने इस मामले में मंजूबेन नामक एक महिला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार मंजूबेन मानव तस्करी गिरोह से जुड़ी है। वह झारखंड के कई जिलों से लड़कियों को लाती थी। शनिवार को जिन लड़कियों को पुलिस ने मुक्त कराया है, उनमें छह नाबालिग भी हैं। इन सभी को पलसाना के मखिंगा गांव में एक कारखाने में काम करने के लिए लाया गया था। नवसारी और सूरत पुलिस ने संयुक्त रूप से शनिवार को उस कारखाने पर छापा मारा और सभी 30 लड़कियों को बरामद कर लिया। ये सभी झारखंड की रहने वाली हैं। अदालत के आदेश पर अब इन्हें सूरत के महिला आत्मरक्षा गृह में रखा गया है। वहीं आरोपी महिला मंजूबेन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *