आत्मनिर्भर भारत का प्रतीक है अयोध्या में बन रहा राम मंदिर : गिरिराज सिंह

0

बेगूसराय, 28 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह ने एक बार फिर राहुल गांधी और विपक्ष पर जोरदार हमला बोला है। शुक्रवार को एनटीपीसी बरौनी के गेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी समेत पूरा विपक्ष हिटलर के मंत्री गोएल्स की थ्योरी अपनाए हुए हैं। राजीव गांधी जब प्रधानमंत्री थे तो उन्होंने कहा था कि केंद्र सरकार से चला एक रुपया में से 15 पैसा आमजन तक पहुंचता है। लेकिन आज पूरा का पूरा रुपया डायरेक्ट जनता तक पहुंच रहा है। कोरोना काल में प्रधानमंत्री के मैनेजमेंट को पूरी दुनिया दाद दे रही है। मृत्यु दर और रिकवरी दर दुनिया के तमाम देशों की तुलना में कम है। कोरोना के शुरुआत में यहां एक भी टेस्टिंग लैब नहीं था, आज बिहार में प्रत्येक दिन एक लाख तीस हजार से अधिक तथा देश भर में 11 लाख से अधिक टेस्ट हो रहे हैं। सरकार और भाजपा के कार्यकर्ता कोरोना के इस महामारी में लोगों की सामर्थ्य के अनुसार सेवा कर रहे हैं। लेकिन राहुल गांधी समेत पूरे विपक्ष को बयानबाजी से फुर्सत नहीं है। राफेल के कारण सेना का मनोबल बढ़ा, देश का मनोबल बढ़ा। लेकिन राहुल गांधी देश और सेना का मनोबल गिराते रहे हैं। कोरोना काल में भी राहुल गांधी लोगों का मनोबल गिराने का काम कर रहे हैं, जो कि अच्छी बात नहीं है।
आत्मनिर्भर भारत में प्रत्येक दिन पांच हजार से अधिक पीपीई कीट, दस लाख से अधिक एन-95 मास्क, वेंटिलेटर बन रहा है, 15 सौ से अधिक डेडीकेटेड हॉस्पिटल शुरू हुए हैं। 12 लाख से अधिक डेडीकेटेड बेड तैयार हो चुके हैं। प्रधानमंत्री ने देश के 80 करोड़ से अधिक लोगों के लिए आठ माह के राशन की व्यवस्था की, जरूरतमंदों के लिए भगवान बने। आठ महीना का राशन देने पर दुनिया आश्चर्य कर रही है। किसानों के खाता में पैसा गया, यह मदद किसानों को चिरकाल तक मिलेगी। जन धन योजना के महिला खाताधारी, दिव्यांगों के खाता में पैसा गया, बिहार के 84 लाख से अधिक उज्जवला योजना के खाते में पैसा गया। कांग्रेस का राज होता तो पैसा रास्ते में ही गायब कर देते। केंद्र सरकार ने देश को बदलने वाला बेहतरीन शिक्षा नीति लागू किया है। अब केवल अंग्रेजी में पढ़ने वाले ही आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर और इंजीनियर नहीं बनेंगे।

 


प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *