पाकिस्तानी हैण्डलिंग एजेन्सी को गोपनीय सूचनाएं देने वाला जासूस गिरफ्तार

0

जयपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। इन्टेलीजेन्स विभाग ने बाड़मेर में गुरुवार को कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी हैण्डलिंग एजेन्सी को राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों की सामरिक महत्व की सूचना भेजने में लिप्त संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ जारी है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक इन्टेलीजेन्स उमेश मिश्रा ने बताया कि 40 वर्षीय मुश्ताक अली निवासी गांव बामरला डेर भवार पुलिस थाना सेडवा जिला बाड़मेर को सीआईडी विशेष शाखा जयपुर के स्पेशल पुलिस स्टेशन पर धारा 3, 3/9 शासकीय गुप्त बात अधिनियम 1923 के तहत मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तार किया गया है।
मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार युवक की पिछले वर्षों से जासूसी गतिविधियों में सक्रिय होने के इनपुट मिल्ट्री इन्टेलीजेन्स से एटीएस राजस्थान को मिलने पर एटीएस के उच्चाधिकारियों के निर्देशन पर खुफिया तौर से निगरानी रखी जा रही थी। मुश्ताक अली से विगत दिनों एटीएस टीम द्वारा बाड़मेर जाकर पूछताछ की गयी तथा अन्य सुरक्षा एजेन्सियों द्वारा भी उसे तलब कर पूछताछ की गयी थी।
पूछताछ में जासूसी संबन्धी गतिविधियों में लिप्त होने की पुष्टि होने पर संयुक्त पूछताछ के लिए 27 अगस्त को संदिग्ध को जयपुर लाया गया। जयपुर से भी सुरक्षा एजेन्सियों द्वारा गहन पूछताछ के उपरान्त पाया गया कि मुश्ताक अली शातिर तरीके से पाक हैण्डलिंग ऑफिसर के इशारे पर गोपनीय सूचनाएं मोबाइल फोन के द्वारा वाट्सएप फैसबुक मैसेन्जर का उपयोग कर भेजता था। सीमावर्ती क्षेत्र में भारतीय सेना की गतिविधियों की सूचना उपलब्ध कराने हेतु पाक हैण्डलिंग अधिकारियों द्वारा मुश्ताक अली को सूचनाओं की एवज में धनराशि उपलब्ध करायी जा रही थी।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *